इंग्लैंड के लिए एक और बुरी खबर, लियाम लिविंगस्टोन का पहले मैच में खेलना मुश्किल

नई दिल्ली 
इंग्लैंड के ऑलराउंडर लियाम लिविंगस्टोन ने भारत के खिलाफ प्रैक्टिस मैच में 20 गेंद पर 30 रनों की पारी खेली और दो ओवर में 10 रन देकर एक विकेट लिया। इंग्लैंड को टी20 वर्ल्ड कप के इस वॉर्म-अप मैच में सात विकेट से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन अंग्रेजों की परेशानी इस हार के साथ खत्म नहीं हुई, मैच के दौरान लिविंगस्टोन चोटिल हो गए और अब उनका 23 अक्टूबर को वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। फील्डिंग के दौरान लिविंगस्टोन की उंगली में चोट लग गई।

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी टीम राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलने वाले लिविंगस्टोन अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। उनकी चोट से इंग्लैंड की टेंशन बढ़ सकती है। इंग्लैंड सुपर 12 ग्रुप-1 में है, जहां उसे अपना पहला मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना है। मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीता और इंग्लैंड के खिलाफ पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। इंग्लैंड ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 188 रन बनाए। जॉनी बेयरेस्टो ने 49 और मोईन अली ने नॉटआउट 43 रनों की पारी खेली, इसके अलावा लियाम लिविंगस्टोन ने 30 रन बनाए।

भारत की ओर से मोहम्मद शमी ने तीन जबकि जसप्रीत बुमराह और राहुल चाहर ने एक-एक विकेट लिए। जवाब में भारत ने 19 ओवर में तीन विकेट पर 192 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। केएल राहुल ने 51 रन बनाए, जबकि इशान किशन ने ताबड़तोड़ 70 रनों की पारी खेली। इशान ने सूर्यकुमार यादव को बल्लेबाजी का मौका देने के लिए मैदान से लौटने का फैसला लिया। ऋषभ पंत ने तेजी से नॉटआउट 29 रन बनाए, सूर्य 8 रन बनाकर जबकि कप्तान विराट 11 रन बनाकर आउट हुए। हार्दिक पांड्या 12 रन बनाकर नॉटआउट लौटे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *