मतदाताओं के घर तक पहुंचने टोली बनाकर BJP करेगी संवाद

भोपाल
उपचुनाव के दौरान मतदाताओं के घर तक पहुंचने और पार्टी के प्रति सकारात्मक भाव पैदा करने का कोई भी मौका भाजपा छोड़ना नहीं चाहती है। इसीलिए उपचुनाव वाले क्षेत्रों में जातीय और सामाजिक समीकरण को ध्यान में रखकर सम्मेलन और बैठकें करने के साथ अब पार्टी परिवार संपर्क पर फोकस कर रही है। पार्टी के नेता ऐसे लोगों तक पहुंचकर पारिवारिक रूप से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पार्टी के प्रति और भी लगाव बढ़ाने में कामयाब हो सकें।

प्रदेश में रैगांव, पृथ्वीपुर, जोबट विधानसभा और खंडवा लोकसभा सीट के लिए हो रहे उपचुनाव को लेकर 11 विधानसभा सीट पर पार्टी नेताओं की बैठकें और जन संवाद के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की गई है। भाजपा की ये टीमें सामाजिक ताने-बाने के आधार पर समाज सम्मेलन, जातीय सम्मेलन कराने का काम कर रही हैं। इसके साथ ही केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेने वाले हितग्राहियों के सम्मेलन भी कराए जा रहे हैं और इन सम्मेलन के जरिये हितग्राहियों को बताया जा रहा है कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार किस तरह से उनका शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक स्तर सुधारने का काम कर रही है।

अब परिवार संपर्क में जुटी भाजपा की महिला मोर्चा की टीम रैगांव विधानसभा में सक्रिय है। यहां मोर्चा की कार्यकर्ता गांवों में टोलियों के रूप में परिवार संपर्क करने के साथ ऐसे लोगों के यहां नाश्ता और भोजन करके भी आत्मीय भाव बढ़ाने मे जुटी हैं। इसी तरह अजजा, अजा, युवा मोर्चा तथा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी अलग-अलग तरीके से परिवार संपर्क में जुटे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *