3 महीने पहले ही जम्मू गया था अरविंद, परिवार पर टूटा गमों का पहाड़

बांका 
बांका जिले के बाराहाट थाना क्षेत्र की महुआ पंचायत के पड़घड़ी गांव निवासी युवक अरविन्द कुमार साह (30) की शनिवार को जम्मू कश्मीर में आतंकवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसकी सूचना युवक के साथ रह रहे कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों का फोन पर दी। युवक की हत्या की खबर पर परिजन सहित पूरा गांव दहल गया। मृतक के परिजनों ने बता कि  पड़घड़ी गांव निवासी देवेन्द्र साह का चौथा पुत्र अरविन्द कुमार साह विगत आठ वर्षो से जम्मू में रह रहा था। वह वहां चाट व फुचका की दुकान चलाता था। लॉकडाउन में वह घर आ गया था। तीन माह पूर्व वह पुन: जम्मू चला गया। उसकी अबतक शादी नहीं हुई थी। वह हर माह अपने माता पिता को रुपए भेजता था। इधर शनिवार की शाम करीब छह बजे गांव के ही युवक चंदन साह का उसके पिता को फोन आया कि अरविन्द को गोली लगी है तथा उसे अस्पताल ले जाया गया है। कुछ देर बार उसकी मौत की खबर दी गई।

अरविन्द की मौत की खबर पर कोहराम मच गया। पिता देवेन्द्र साह, माता सुनैना देवी, भाई डबलू साह, मंटू साह, मुकेश साह सहित अन्य परिजनों की चीत्कार से पूरा गांव गूंज उठा। देखते ही देखते दर्जनों लोगों की भीड़ मृतक के घर उमड़ पड़ी। लोगों को जब अरविन्द की मौत की सूचना मिली तो पूरा गांव गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि देवेन्द्र साह मजदूरी कर अपने परिवार को पालता था। अरविन्द इस परिवार को इकलौता सदस्य था जो जम्मू में रहकर कमाता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *