पुंछ में उन्हीं आतंकियों ने दोबारा किया सैनिकों पर हमला, 2 जवान शहीद

श्रीनगर 
जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में गुरुवार की रात को हुए आतंकी हमले में एक जेसीओ समेत दो सैनिक शहीद हो गए हैं। आतंकियों से मुठभेड़ के चलते राजौरी-पुंछ नेशनल हाईवे के ट्रैफिक को भी रोक दिया गया था। एनकाउंटर में जख्मी होने के बाद दोनों सैनिकों को अस्पातल में एडमिट कराया गया था, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब भी यहां मुठभेड़ जारी है, लेकिन अब तक किसी आतंकी को ढेर किए जाने की खबर नहीं मिली है। यही नहीं कहा जा रहा है कि सैनिकों पर एक बार फिर से उन्हीं आतंकियों ने अटैक किया है, जिन्होंने सोमवार को घात लगाकर किए हमले में 5 जवानों की हत्या कर दी थी। गुरुवार रात को जिन आतंकियों से सैनिकों की मुठभेड़ हुई, उनमें से कई उस हमले में भी शामिल थे। 

सैन्य सूत्रों के मुताबिक इस बार के हमले में 4 से 5 आतंकियों के शामिल होने की बात कही जा रही है। ये सभी आतंकी संभवत: उस समूह का हिस्सा हैं, जिसने अगस्त में एलओसी के जरिए भारत में घुसपैठ की थी। इनके बारे में पुलिस और सुरक्षा बलों को जानकारी मिली थी। इसके बाद ही सुरक्षा बलों ने 6 अगस्त को दो आतंकियों को ढेर कर दिया था। इसके बाद एक और आतंकी 19 अगस्त को मारा गया था। हालांकि अब भी उस ग्रुप में आए कई आतंकी जम्मू-कश्मीर में सक्रिय हैं। इन्हीं आतंकियों ने सोमवार को मुगल रोड पर सैनिकों पर हमला किया था। यह रोड पुंछ को दक्षिण कश्मीर के ही जिले शोपियां से जोड़ता है। 

बीते 17 सालों में यह ऐसा पहला एनकाउंटर था, जिसमें भारतीय सेना को इतना बड़ा नुकसान उठना पड़ा। गुरुवार को दो और जवानों के शहीद होने के साथ ही बीते एक सप्ताह में कश्मीर में जान गंवाने वाले सैनिकों की संख्या बढ़कर 7 हो गई है। मंगलवार के बाद एक ही दिन शांति रह पाई कि इसके बाद गुरुवार की रात को फिर एनकाउंटर छिड़ गया। फिलहाल अतिरिक्त फोर्स को मौके पर भेजा गया है। इसके अलावा किसी नागरिक को नुकसान न होने पाए, इसलिए भिंबर गली और सूरनकोट के बीच ट्रैफिक को रोक दिया गया है। इसके अलावा राजौरी-पुंछ नेशनल हाईवे को भी बंद किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *