झांसी में श्रद्धालुओं से भरी ट्राली पलटी, सात महिलाओं समेत 11 लोगों की मौत

झांसी

झांसी में दशहरा के दिन पर बड़ा हादसा हो गया। हादसे में सात महिलाओं समेत 11 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में चार बच्चे भी बताए जा रहे हैं। हादसे में छह लोग घायल भी हुए हैं। हादसा चिरगांव क्षेत्र के भांडेर रोड पर शुक्रवार की शाम करीब पौने चार बजे के आसपास हुआ है। जानकारी के मुताबिक ट्रैक्टर ट्रॉली भांडेर की ओर से झांसी के चिरगांव आ रही थी तभी रास्ते में गाय को बचाने के चक्कर में ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।

ट्रॉली पलटने से उसमें सवार सभी लोग दब गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है। जिसमें सात महिलाएं और बच्चे भी शामिल है। सभी लोग झांसी और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्र के बताए जा रहे हैं। हादसे में 6 अन्य लोग भी गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें झांसी के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे की खबर पाकर अफसर भी मौके पर दौड़ पड़े। एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर राहत बचाव कार्य शुरू करवाया है।  
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी जिले के चिरगांव थाना के पास हुए भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति की कामना करते हुए मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के उपचार के पूरे प्रबन्ध करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *