इंदौर से अब प्रयागराज ,जोधपुर और सूरत की सीधी उड़ान 31 अक्टूबर से
इंदौर
देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इस माह के अंत से शुरू हो रहे विंटर शेडयूल में नई सौगात मिलने जा रही है। दरअसल, 31 अक्टूबर से निजी उड़ान कंपनी इंडिगो प्रयागराज, जोधपुर और सूरत के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने जा रही हैं। इसी के साथ इंदौर से सीधी उड़ानों की संख्या कोरोनाकाल से अधिक हो जाएगी। कंपनी ने इनकी बुकिंग शुरू कर दी है।
देशभर में हर साल 28 अक्टूबर से 25 मार्च तक के लिए विंटर शेड्यूल लागू होता है। इस बार इसमें इंडिगो ने तीन नई उड़ानें शुरू करने का निर्णय लिया हैं। कंपनी ने गुरुवार को ही इन उड़ानों की घोषणा करते हुए बुकिंग शुरू की हैं। इन शहरों के लिए इंदौर से पहले भी उड़ानों का संचालन होता था, लेकिन कोरोना महामारी के चलते लगे लाकडाउन के कारण कंपनी ने इन उड़ानों को बंद कर दिया था। पहले जेट एयरवेज भी इन उड़ानों का संंचालन करती थी, लेकिन अब अनलाक के साथ बढ़ती यात्री संख्या और इस सेक्टर में मांग को देखते हुए उड़ान कंपनियां दोबारा अपने बंद मार्गों पर उड़ानें शुरू कर रही हैं। सभी उड़ानों का संचालन रोजाना होगा। इसी के साथ नियमित और साप्ताहिक उड़ानों को मिलाकर इंदौर की 22 शहरों से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी।
ये रहेगा शेड्यूल
इंदौर से प्रयागराज: इंदौर से दोपहर 2.45 बजे रवाना होकर शाम 4.35 बजे विमान प्रयागराज पहुंचेगा। किराया साढ़े पांच हजार रुपये।
प्रयागराज से इंदौर: दोपहर 12.10 बजे प्रयागराज से रवाना होकर दोपहर 2.15 बजे विमान इंदौर पहुंचेगा। किराया साढ़े पांच हजार रुपये।
इंदौर से जोधपुर: दोपहर 3.05 बजे इंदौर से रवाना होकर 4.30 बजे विमान जोधपुर पहुंचेगा। किराया चार हजार रुपये।
जोधपुर से इंदौर: उड़ान जोधपुर से शाम पांच बजे रवाना होकर शाम 6.40 बजे इंदौर आएगी। किराया करीब चार हजार रुपये।
इंदौर से सूरत: उड़ान शाम सात बजे इंदौर से रवाना होकर रात 8.25 बजे सूरत पहुंचेगी। किराया पांच हजार रुपये।
सूरत से इंदौर: सूरत से रात 8.55 बजे रवाना होकर रात 10 बजे उड़ान इंदौर आएगी। किराया पांच हजार रुपये।
अब इन शहरों के लिए सीधी उड़ानें
अभी दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, ग्वालियर, अहमदाबाद, हैदराबाद, नागपुर,बेंगलुरु, रायपुर, बेलागावी, जबलपुर, गोवा, लखनऊ,जयपुर, किशनगढ़, पुणे, चेन्नर्ई और दुबई की सीधी उड़ानें हैं। एक नवंबर से शारजाह और 31 अक्टूबर से प्रयागराज, जोधपुर और सूरत की उड़ान शुरू हो जाएगी। जिससे उड़ानों की संख्या 22 तक पहुंच जाएंगी। इसके अलावा स्टार एयर गोंदिया के लिए भी उड़ान शुरू करने वाली है।
