बीजेपी नेताओं को सीएम गहलोत ने बताया मूर्ख, कहा- शाह आकर देखें कितना शानदार काम हो रहा है

जयपुर 
हनुमानगढ़ के पीलीबंगा की घटना की तुलना लखीमपुर खीरी से करने के मामले में आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का बड़ा बयान आया है। उन्होंने बीजेपी नेताओं को मूर्ख तक कह दिया। दरअसल, आज जयपुर में पत्रकारों के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि "हनुमानगढ़ की घटना की तुलना लखीमपुर से करना गलत है, यह भाजपा के बेवकूफ लोग हैं। बेवकूफों की कमी है क्या देश में।"

राजस्थान आकर देखें क्या काम हो रहा है
गहलोत ने कहा कि "अमित शाह और भाजपा नेता आकर देखें राजस्थान में, क्या हो रहा है कितना शानदार काम हो रहा है, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी राजस्थान में क्यों आएंगे। वह तो वहां जाएंगे जहां विपक्ष की सरकार है। हनुमानगढ़ की घटना ने सभी लोगों को पकड़ लिया है, अब भाजपा नेताओं को मृतक के घर भेजने का क्या तुक है।" सीएम गहलोत ने कहा "यही तो मूर्खता है इनकी, ऐसे-ऐसे पदाधिकारी बन गए जो मीडिया और सोशल मीडिया में एजेंडा चलाते रहते हैं, हनुमानगढ़ जाना था तो पहले दिन जाते, हम किसी को नहीं रोकते।"

कोयला उपलब्ध कराना केन्द्र की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश में कोयले की कमी के कारण बढ़ते बिजली संकट पर भी केन्द्र पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि "केन्द्र सरकार को हमने बिजली संकट से अवगत करवा दिया है। अब केन्द्र की जिम्मेदारी है कि वह राज्यों को इस संकट से बाहर निकाले। कोयले के दाम चार पांच गुना बढ़ गए, फिर भी कोयला मिल नहीं रहा है।" गहलोत ने कहा कि "500-600 करोड बकाया है यह मामूली बात है, अरबो रुपये का कोयला बिकता है तो 500 करोड़ क्या मायने रखते हैं।" उन्होंने केन्द्र पर सवाल उठाया कि "कोई कमी नहीं है कोयले कि यह कहकर केन्द्र का राज्यों पर जिम्मेदारी डालना सही है?"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *