जनसम्पर्क में आज सांकेतिक कलम बंद का दिखा असर

रायपुर
राज्य प्रशासनिक सेवा के कनिष्ठ अधिकारी को संचालक पद पर पदस्थ करने के विरोध में और उन्हें इस पद से तत्काल हटाए जाने के लिए छत्तीसगढ़ जनसम्पर्क अधिकारी संघ के आव्हान पर प्रदेश के जनसम्पर्क विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारी मंगलवार को कलम बंद कर सामूहिक अवकाश पर है। एक दिनी के इस आव्हान का गहरा असर दिखा और कामकाज पूरी तरह से ठप रहा। संघ ने यह भी कहा है कि अभी तो उन्हे आश्वासन मिला है यदि उनकी मांगे पूरी नहीं होती है आगे आंदोलन और तेज होगा। इधर दिगर कर्मचारी संगठनों ने भी उन्हे समर्थन दिया है। वहीं छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ के अध्यक्ष कमल वर्मा के आव्हान पर प्रदेश भर में आज कर्मचारियों ने काली पट्टी लगाकर काम किया।

जनसम्पर्क अधिकारी संघ ने यह स्पष्ट किया है कि सांकेतिक कलमबंद के बाद भी मांगें पूरी नहीं होने तक अधिकारी-कर्मचारी काली पट्टी लगाकर ही काम करेंगे और मांगे शीघ्र पूरी नहीं होने पर इस आन्दोलन को तेज किया जाएगा। छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित अधिकारी संघ ने भी जनसम्पर्क अधिकारी संघ की इन मांगों का पुरजोर समर्थन करते हुए प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करने की बात भी कही है।

इधर आयुक्त जनसम्पर्क ने संघ की सभी मांगों को जायज निरूपित करते हुए यह ठोस आश्वासन दिया कि जो भी बिन्दु छत्तीसगढ़ जनसंपर्क अधिकारी संघ के द्वारा अवगत कराए गए हैं, उन्हें शासन को अवगत कराते हुए इस दिशा में त्वरित कार्यवाही कराने की हर संभव पहल की जाएगी। आयुक्त जनसंपर्क के द्वारा दिए गए इस आश्वासन के बाद अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल की बजाए 12 अक्टूबर को एक दिन का सांकेतिक कलम बंद का निर्णय सोमवार को ही ले लिया गया था और आज इसका गहरा असर कामकाज पर दिखा। कहा गया है कि एक निश्चित समयावधि या अंतराल के पश्चात् मांगे पूरी नहीं होने की दशा में राजपत्रित अधिकारी संघ के साथ इस आंदोलन को तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *