नवरात्रि 2021: दुर्गा पंडालों में आज महासप्तमी से होंगे मां के दर्शन
नई दिल्ली
दिल्ली में सोमवार शाम से दुर्गा-पूजा उत्सव शुरू हो गया। पंडालों में मां दुर्गा की मूर्ति स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना शुरू की गई। मंगलवार से कोविड-19 नियमों का ध्यान रखते हुए श्रद्धालु पंडालों में मां के दर्शन कर सकेंगे। किसी पंडाल में टीकाकरण प्रमाण पत्र जरूरी होगा तो कहीं सीमित संख्या में श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। कालीबाड़ी में सुबह सात बजे से दर्शन:मंदिर मार्ग स्थित कालीबाड़ी में दुर्गा-पूजा के आयोजन से जुड़े स्वप्न गांगुली ने बताया कि पंडाल में सुबह सात बजे से लेकर रात 10 बजे तक श्रद्धालुओं को प्रवेश दिया जाएगा। दर्शन के दौरान कोविड-19 दिशा-निर्देश को पालन करना होगा।
केवल समिति के सदस्य दर्शन कर सकेंगे : दिल्ली में वर्ष 1910 से पूजा का आयोजन करने वाली दिल्ली दुर्गा पूजा चैरिटेबल एंड कल्चरल कमेटी के वरिष्ठ आयोजक अरुण घोषाल ने बताया कि समिति सदस्यों को ही दर्शन की अनुमति है, उनकी संख्या सीमित रखी जाएगी।
टीकाकरण प्रमाण पत्र जरूरी: मिंटो रोड दुर्गा-पूजा समिति के कोषाध्यक्ष तपन भट्टाचार्य ने बताया कि मां दुर्गा की मूर्ति को बेदी पर स्थापित कर दिया गया है। सोमवार को मां का आह्वान किया गया। मंगलवार से श्रद्धालु दर्शन के लिए आ सकेंगे। हालांकि इसके लिए टीकाकरण प्रमाणपत्र जरूरी है। श्रद्धालु ऑनलाइन भी दर्शन कर सकते हैं।
