डोंगरगढ़ में रोपवे पर दर्शनार्थियों से भरी तीन ट्राली फंसी, मचा हड़कंप

राजनांदगांव
 डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए रोपवे के ट्राली से जा रहे दर्शनार्थियों की जान उस वक्त आफत में आ गई जब ट्राली 500 फीट की उंचाई में जाकर अचानक रुक गई। करीब पौन घंटे तक दर्जनभर से अधिक दर्शनार्थी फंसे रहे। बाद में फिर तकनीकी खराबी के कारण ट्राली दूसरी बार अटक गई। ऊपर वाले स्टेशन पाइंट पर सुधार कार्य के बाद रात को रोपवे का संचालन सुचारू रूप से शुरू किया जा सका। प्रशासन का कहना है कि विशेषज्ञों से ठीक तरीके से जांच कराई जाएगी। उधर देवी दर्शन के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके पहले तकनीकी खराबी आने से हड़कंप मच गया।

 

घटना शनिवार शाम करीब छह बजे की है। रोपवे में दर्शनार्थियों को लेकर जा रही एक ट्राली बीच में फंस गई। जिससे ट्राली में सवार दर्शनाथियों की सांसें अटक गईं। बीच में ट्राली फंसने के बाद कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गई। बाद में दर्शनार्थियों को ट्राली से सुरक्षित निकाल लिया गया।

बताया गया कि तकनीकी खराबी के कारण रोपवे पर ट्राली फंसी गई थी। खराबी क्या थी, यह प्रशासन जांच के बाद ही स्पष्ट करने की बात कह रहा है। ट्राली पर सवार दर्शनार्थी पूरी तरह से सुरक्षित हैं। रोपवे में ट्राली फंसने की खबर इंटरनेट मीडिया में आग की तरह फैल गई। जिसके बाद कुछ देर के लिए हडकंप मच गया। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी भी कुछ देर के लिए हड़बड़ा गए।

ट्रस्ट ने दी सफाई

मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नारायण अग्रवाल ने बताया कि रोपवे में छोटी सी तकनीकी समस्या थी, जिसे तत्काल दूर कर लिया गया। सवार सभी दर्शनार्थी पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने दर्शनार्थियों से निवेदन किया है कि रोपवे को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देवें। रोपवे पूर्णत: सुचारू रूप से चल रहा है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए छिटपुट मेंटेनेंस के लिए रोपवे बीच-बीच मे बंद करना पड़ता है। कभी- कभी लाइट भी बंद हो जाने से ट्राली बीच मे रूक जाती है जिसके लिए किसी प्रकार की चिंता की कोई बात नही है। रोपवे को लेकर किसी भी प्रकार के संशय की स्थिति होने पर मोबाइल नंबर 9425554451 पर बात कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *