21 को पुलिस स्मृति दिवस, पुलिसकर्मियों के परिजनों से होगी चर्चा
भोपाल
पिछले एक साल में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को पुलिस मुख्यालय के आला अफसर 21 अक्टूबर को श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। पुलिस स्मृति दिवस पर लाल परेड मैदान के शहीद स्मारक पर होने वाले आयोजन में सभी शहीदों को याद किया जाएगा। इस कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल भी शिरकत कर सकते हैं। हर साल 21 अक्टूबर को देश में पुलिस स्मृति दिवस आयोजित किया जाता है। भोपाल में होने वाले इस आयोजन में पिछले एक साल के भीतर शहीद हुए पुलिसकर्मियों और अफसरों को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाते हैं। साथ ही उनके परिजनों को भी भोपाल बुलाया जाएगा।
परिजनों से डीजीपी विवेक जौहरी सहित अन्य आला अफसर बातचीत करेंगे और उनकी समस्याएं सुनेंगे। इस आयोजन में राज्यपाल भी शामिल हो सकते हैं। प्रदेश के सभी पुलिस अधीक्षकों से शहीद हुए पुलिसकर्मियों और अफसरों की जानकारी एसएएफ ने बुलाई है। यह जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी भेजी जाएगी। जहां से पूरे देश में इन शहीद पुलिसकर्मियों और अफसरों के नाम सभी प्रांतों को भेजे जाएंगे। अन्य राज्यों में भी इन्हें याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे।
