भाजपा का कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ पार्टी को विजय बनाने के लिए जुटा: CM शिवराज
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रदेश में हो रहे उपचुनाव में भाजपा जीतने जा रही है। इन चारोें जगह पर भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता पूरी मेहनत के साथ पार्टी को विजय बनाने के लिए जुटा हुआ है। भाजपा सरकार जनता के हित में काम करती है, इसलिए हम जीतेंगे। यह बात आज उन्होंने प्रदेश भाजपा दफ्तर में मीडिया से चर्चा के दौरान कही।
बाहर से प्रत्याशी लाने के कांग्रेस के आरोपों पर उन्होंने कहा कि बाहर से नहीं, पहले कार्यकर्ता बने तब पार्टी में आए है। पार्टी का विस्तार हो रहा है। शिशुपाल बहुत पहले से पार्टी में हैं। सुलोचना रावत ने देखा कि कांग्रेस में कोई नेतृत्व ही नहीं है, उनके नेतृत्व को कुछ पता ही नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की उपचुनाव की पूरी तैयारी प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में की जा रही है। कांग्रेस और उसके नेताओं को यही पता नहीं होता की उन्हें करना क्या है और जिनको कुछ करना है वे कुछ करना नहीं चाहते हैं। पंजाब की सरकार अच्छी चल रही थी कि कांग्रेस के नेताओं ने 12 बजा दी। मीडिया से चर्चा करने से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और मंत्री भूपेंद्र सिंह ने चुनाव प्रबंधन कार्यालय का उद्घाटन किया।
तीनों नेताओं ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर इसका उद्घाटन किया। इसके साथ ही प्रदेश प्रवक्ताओं के लिए नवनिर्मित कक्ष का भी उद्घाटन हुआ। इस कार्यालय से भाजपा इन चारों क्षेत्र के उपचुनाव का मैनेजमेंट करेगी। इस कार्यालय से उपचुनाव वाले क्षेत्रों के नेताओं को जोड़ा जाएगा, ताकि चुनाव प्रबंधन को लेकर क्षेत्र में कोई समस्या हो तो वे तत्काल पार्टी कार्यालय में संपर्क कर सकें। सीएम ने प्रवक्ता कक्ष का उद्घाटन करते हुए कहा कि आरोप-प्रत्यारोप के दौर में प्रवक्ता ही सही जानकारी आम जनता को मीडिया के माध्यम से पहुंचाते हैं।
इधर रैगांव में भी दोनों ही दलों को अपनी-अपनी पार्टी के नेताओं को मनाने का क्रम जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बागरी परिवार के पुष्पराज को मना लिया है, हालांकि अभी वंदना देवराज बागरी को मनाना बाकी है। वहीं कांग्रेस में इस क्षेत्र के एक कद्दावर नेता कल्पना वर्मा को टिकट दिए जाने से नाराज हैं, उनकी नाराजगी से क्षेत्र और उसके आसपास के नेता भी कल्पना वर्मा का सहयोग नहीं करेंगे। यह नाराजगी यहां के ठाकुर वोटों को कांग्रेस से दूर कर सकती है। अब कांग्रेस के दिग्गज नेता यहां के कद्दावर नेता को मनाने का काम करेंगे।
