अबकी बार किसकी सरकार; CM के रूप में पहली पसंद कौन? क्या कहता है सर्वे

 लखनऊ 
अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल सियासी समीकरण साधने में लग गए हैं। उत्तर प्रदेश में किसकी सरकार बनेगी और किसकी नहीं, अभी से ही जनता का मूड समझ आने लगा है। लखीमपुर कांड को लेकर जारी सियासी उबाल के बीच एबीपी न्यूज सी-वोटर की तरफ से किए गए सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश फिर से भाजपा की सरकार बनने के आसार दिख रहे हैं। सर्वे में एक बार फिर से योगी आदित्यनाथ की सरकार पर भरोसा जताया गया है। हालांकि, सर्वे से पता चलता है कि लखीमपुर खीरी कांड से भाजपा की छवि को नुकसान पहुंचा है।

यूपी में भाजपा की बन सकती है सरकार
एबीपी न्यूज सी-वोटर के सर्वे के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में भाजपा को 41 फीसदी वोट हासिल हो सकता है, जबकि समाजवादी पार्टी के खाते में 32 फीसदी, बहुजन समाज पार्टी के खाते में 15 फीसदी, कांग्रेस को 6 फीसदी और अन्य के खाते में 6 फीसदी वोट जा सकते हैं। सीटों के लिहाज से अगर देखें तो भाजपा के खाते में 241 से 249 सीटें जा सकती है। समाजवादी पार्टी के हिस्से में 130 से 138 सीटें आ सकती है। जबकि बसपा 15 से 19 के बीच और कांग्रेस 3 से 7 सीटों के बीच सिमट सकती है।
 
लखीमपुर कांड पर क्या बोली जनता
लखीमपुर खीरी हिंसा को लेकर भी एबीपी न्यूज-सी वोटर के सर्वे में सवाल पूछा गया था कि केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बयान से क्या लखीमपुर में हिंसा भड़की? इस सवाल पर 61 फीसदी लोगों ने हां में जवाब दिया, जबकि बाकी 39 फीसदी लोगों ने नहीं कहा। जब लोगों से पूछा गया कि क्या लखीमपुर कांड से बीजेपी को नुकसान हुआ है? इस पर 70 फीसदी लोगों ने माना कि हां बीजेपी को इससे नुकसान हुआ है। 30 फीसदी लोगों ने नहीं में जवाब दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *