सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वालों को पुरस्कार देने कमेटी बनाने में जुटी सरकार

भोपाल
सड़क दुर्घटना में घायलों की जान बचाने वालों को पुरस्कार देने के लिए राज्य और जिला स्तरीय कमेटी बनाने की तैयारी की जा रही है। दोनों स्तरों पर 15 अक्टूबर से पहले कमेटी बनाये जाने के लिए पुलिस मुख्यालय ने सभी को पत्र जारी कर दिए हैं। यह योजना केंद्र सरकार के फंड से प्रदेश में चलाई जाएगी।

इस योजना के तहत राज्य में एक समिति बनाई जाएगी। जिसमें परिवहन आयुक्त, एसीएस होम, एडीजी पीटीआरआई और सचिव स्वास्थ्य विभाग होंगे। वहीं हर जिले में भी इसे लेकर कमेटी बनाई जाएगी। जिसमें कलेक्टर, एसपी के अलावा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और जिला परिवहन अधिकारी होंगे। यह कमेटी ऐसे हादसों में जहां पर घायलों की मदद किसी व्यक्ति द्वारा की गई है, उन्हें पुरस्कृत करने पर विचार करेगी। साथ ही केंद्र सरकार की वेबसाइट पर इसे अपलोड करेगी। हालांकि मदद करने वाले व्यक्ति को अस्पताल के डॉक्टर्स और थाना प्रभारी से सर्टिफिकेट लेना होगा, उसके बाद ही उन्हें पुरस्कार दिए जाने पर विचार किया जाएगा।

दुर्घटना में गंभीर घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने वालों को पुरस्कार देने की इस  योजना पर केंद्र और प्रदेश सरकार मिलकर काम करेगी। यह पुरस्कार उन्हें मिलेगा जो किसी घायल को स्वर्णिम समय में अस्पताल तक पहुंचायेगा।  इस संबंध में केंद्र सरकार ने प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर योजना की जानकारी दी है। जिसमें फंड केंद्र सरकार देगी, लेकिन पुरस्कार प्रदेश सरकार की ओर से दिया जाएगा। यह योजना 15 अक्टूबर से शुरू होने जा रही है। नेक इंसान को पुरस्कार देने की इस योजना में पांच लाख रुपए का फंड केंद्र सरकार की ओर से प्रदेश को दिया जाएगा।

इनका कहना
सभी जिलों को इस संबंध में कमेटी बनाने के लिए लिखा जा रहा है। इस योजना से सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों पर हम अंकुश लगा सकते हैं। अधिकांश मौत समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण होती है। इस योजना से घायलों की मदद करने वालों को प्रोत्साहन मिलेगा और आम लोग मदद के लिए ज्यादा से ज्यादा सामने आएंगे।
जी जर्नादन, एडीजी पीटीआरआई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *