द लास्ट हुर्रे में लीड रोल में नजर आएंगी काजोल
एक्ट्रेस काजोल आखिरी बार फिल्म त्रिभंगा में नजर आई थीं, जो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई थी। अब काजोल को लेकर खबर आ रह है कि वे जल्द ही एक नई फिल्म में नजर आएंगी। इस फिल्म के जरिए वह साउथ की पॉपुलर एक्ट्रेस और डायरेक्टर रेवती के साथ काम करने जा रही हैं। रेवती और काजोल दोनों ही भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में अपने काम के लिए मशहूर हैं और अब ये दो असाधारण प्रतिभाएं फिल्म द लास्ट हुर्रे के लिए साथ आ रही हैं, जो एक बेहद प्रेरणादाई कहानी है। फिल्म एक सच्ची कहानी पर आधारित है। कहानी सुजाता नाम की एक महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का मुस्कराते हुए सामना किया। फिल्म के प्री-प्रोडक्शन का काम चल रहा है और जल्द ही इसकी शूटिंग शुरू होगी। इस फिल्म को सूरज सिंह और श्रद्धा अग्रवाल मिलकर बना रही हैं। ब्लाइव प्रोडक्शंस और टेक 23 स्टूडियो प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही इस फिल्म की कहानी समीर अरोड़ा ने लिखी है।
