बकाया बिल को लेकर नगरीय निकाय और बिजली कंपनियां आमने-सामने

भोपाल
कोरोना महामारी के कारण राजस्व वसूली प्रभावित होने के बाद अब बिजली कंपनियों ने भी बकाया वसूली के लिए बकायादारों पर शिकंजा कस दिया है। ऐसे में बकाया बिजली बिलों के भुगतान को लेकर बिजली कंपनियां और नगरीय प्रशासन विभाग आमने-सामने आ गए है। वसूली के लिए नोटिस मिला तो उलटे नगरीय प्रशासन विभाग ने पिछले भुगतान का हिसाब-किताब मांग लिया है।

मध्यप्रदेश की पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर, मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर और मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल ने नगरीय प्रशासन विभाग को प्रदेश भर के नगरीय निकायों नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों के बकाया बिजली बिलों को जमा करने का तगादा देते हुए नोटिस जारी कर बकाया बिजली बिल तत्काल जमा करने का नोटिस थमाया तो अब नगरीय प्रशासन विभाग ने तीनों कंपनियों को चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि से दिए गए 13 करोड़ 81 लाख रुपए का ब्यौरा भेजते हुए बिजली कंपनियों से पूरा हिसाब किताब मांग लिया है। नगरीय प्रशासन विभाग ने कहा है कि हमने बकाया बिलों का भुगतान कर दिया है।

पहले बिजली कंपनियां इस जमा राशि का हिसाब-किताब दे कि इस राशि को किन बकाया बिजली बिलों के लिए समायोजित किया गया। इसके बाद यदि कोई राशि बिजली बिल की बाकी बची तो फिर उसका भुगतान किया जाएगा। नगरीय प्रशासन विभाग ने तीनों कंपनियों के प्रबंध संचालकों को नोटिस जारी कर इस जमा राशि के समायोजन का पूरा ब्यौरा मांगा है। नगरीय प्रशासन विभाग ने कुल 13 करोड़ 81 लाख रुपए नगरीय प्रशासन विभाग ने तीनों बिजली कंपनियों के खाते में जमा कराए है। नगरीय प्रशासन विभाग ने  इन सभी बिजली कंपनियों को भुगतान की गई राशि का समायोजन कर पूरी जानकारी सभी निकायों को और संचालनालय नगरीय प्रशासन विभाग को सूचित करने को कहा है।

पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बैंक खातों में अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडौरी, जबलपुर, कटनी और नरसिंहपुर , सतना, सिवनी, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया जिले के 90 नगरीय निकायों के जरिए 125 लाख 4 हजार रुपए की राशि जमा कराई गई है।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बैंक खाते में आगर, अलीराजपुर, बड़वानी, बुरहानपुर, देवास, धार, मंदसौर, नीमच, रतलाम, शाजापुर, उज्जैन जिलों के107 नगरीय निकायों से 970 लाख 9 हजार रुपए की राशि जमा कराई गई है।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बैंक खातों में अशोकनगर, बैतूल, भिंड, भोपाल, दतिया, गुना, ग्वालियर, हरदा, होशंगाबाद, मुरैना, रायसेन, राजगढ़, सीहोर, शिवपुरी, विदिशा जिलों के 29 नगरीय निकायों से 285 लाख 87 हजार रुपये की राशि जमा कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *