पहली छमाही में एसईसीएल द्वारा पावर सेक्टर को गत वर्ष से लगभग 25 प्रतिशत अधिक कोयला आपूर्ति

बिलासपुर
देश भर में विद्युत संयंत्रों द्वारा कोयले की भारी मांग के बीच एसईसीएल ने पावर सेक्टर को कोयला आपूर्ति बढ़ा दी है। अप्रैल से सितम्बर की छमाही में एसईसीएल द्वारा गत वर्ष की तुलना में पावर सेक्टर को लगभग 25 प्रतिशत अधिक कोयले की आपूर्ति की गयी है। कम्पनी द्वारा ई-आक्शन के जरिए प्रदाय किये गये कोयले में भी पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है।

ज्ञात हो कि विदेशी बाजारों में कोयले के मूल्य में वृद्धि देखी जा रही हैै तथा कोरोना के घटते प्रभाव के बीच देश में औद्योगिक उत्पादन तेजी से आगे बढ़ा है। इस वर्ष लगातार हुई बारिश तथा सितम्बर माह में भी बारिश के दिनों की संख्या अधिक होने के कारण कोयला उत्पादन व डिस्पैच प्रभावित हुआ है। इन सभी कारकों ने समेकित रूप से देश में कोयले की मांग बढ़ा दी है।

बारिश की लम्बी अवधि ने एसईसीएल में भी कोयला उत्पादन व डिस्पैच के लिए चुनौती पेश की है इसके बावजूद कम्पनी ने अप्रैल से सितम्बर की छमाही में पिछले वर्ष की तुलना में कोयला डिस्पैच में लगभग 18 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है। कम्पनी का उत्पादन भी गत वर्ष से अधिक चल रहा है। जबकि लौटती मानसून के साथ ही अब बारिश का सीजन समाप्ति की ओर है एसईसीएल पुन: त्वरित रफ्तार से उत्पादन व डिस्पैच की ओर अग्रसर हो रही है तथा जल्द ही पावर सेक्टर के साथ-साथ नान-पावर सेक्टर को भी पर्याप्त कोयला उपलब्ध हो ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *