मुखिया समर्थकों ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, डीजे बंद कराने पर विवाद के बाद हमला

सीतामढ़ी 
बिहार में पुलिस का खौफ लगता है खत्म होता जा रहा है। सीतामढ़ी में पुलिस वालों के साथ मुखिया समर्थकों ने मारपीट की और उन्हें खदेड़ दिया।  पुलिस टीम पर पत्थरबाजी भी की गई। नानपुर थाना क्षेत्र में मुखिया समर्थक डीजे बजा रहे थे। इसकी सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मुखिया समर्थकों को डीजे बजाने से रोका। इसके बाद आक्रोशित समर्थकों ने पुलिस टीम को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। साथ ही टीम पर पत्थरबाजी भी की। पुलिस ने मुखिया समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया है। गौरा पंचायत से जोगेंद्र मंडल हाल ही में मुखिया निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने मात्र 8 वोट से जीत दर्ज की है। जिला प्रशासन की ओर से जुलूस और डीजे पर प्रतिबंध लगाया गया है। रोक के बावजूद मुखिया समर्थक जुलूस निकाल रहे थे और उसमें डीजे भी बजाया जा रहा था। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने जुलूस निकालने और डीजे बजाने से मना किया। इसके बाद मुखिया के समर्थक व ग्रामीण भड़क गए औऱ पुलिस वालों के साथ मारपीट की। घटना को लेकर नानपुर थाने में तैनात दरोगा आरपी यादव के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें मुखिया और उसके समर्थकों का नाम दर्ज किया गया है। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुखिया समेत 17 लोगों को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *