बीजेपी की प्रियंका टिबरेवाल बोलीं – इस खेल की ‘मैन ऑफ द मैच’ मैं हूं; भवानीपुर उपचुनाव में ममता बनर्जी से हार के बाद
कोलकाता
हाई प्रोफाइल भवानीपुर उपचुनाव में बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के खिलाफ बीजेपी की कैंडिडेट प्रियंका टिबरेवाल ने हार स्वीकार करते हुए ममता बनर्जी को जीत की बधाई दी। हालांकि, प्रियंका ने खुद को इस चुनाव का 'मैन ऑफ द मैच' बताया। प्रियंका ने इसके साथ ही उपचुनाव में फर्जी वोटिंग का भी राग छेड़ा। बता दें कि भवानीपुर उपचुनाव में ममता बनर्जी 58 हजार से ज्यादा वोटों से जीती हैं। प्रियंका टिबरेवाल ने कहा, 'भले वे यह चुनाव जीतीं हैं लेकिन इस खेल की मैन ऑफ द मैच मैं हूं क्योंकि ममता बनर्जी के गढ़ में जाकर चुनाव लड़ा और 25,000 से ज़्यादा मत मिले हैं…उनके उपाध्यक्ष कैमरे पर फर्जी वोटरों को बूथ में घुसाते हुए दिखाई दिए थे।' पेशे से वकील प्रियंका टिबरेवाला ने कहा, 'मैं अपनी हार स्वीकार करती हूं। मैं दीदी को बधाई देती हूं। मैंने उन्हें अपना संदेश भेज दिया है।'
तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हाई प्रोफाइल भवानीपुर उपचुनाव में 58 हजार से ज्यादा मतों से जीत हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री का पद भी सुरक्षित कर लिया। उपचुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के श्रीजीव विश्वास तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, जीत के बाद ममता बनर्जी ने भवानीपुर की जनता का आभार व्यक्त किया। ममता ने कहा कि उनके खिलाफ बंगाल विधानसभा चुनाव की शुरुआत से ही षड्यंत्र रचा जा रहा था। ममता ने कहा कि भवानीपुर की जनता ने सारी साजिशें नाकाम कर दीं और उन्हें हर वॉर्ड में जीत मिली है। ममता इस सीट पर तीसरी बार चुनाव जीती हैं।
