गोवा विधानसभा में बचे कांग्रेस के सिर्फ 4 विधायक, TMC के बाद AAP भी झटका देने को तैयार

 गोवा 
गोवा में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगने जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री लुईजिन्हो फलेरियो के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में शामिल होने के बाद 40 सदस्यीय विधानसभा में पार्टी के चार विधायक ही बच गए हैं। अब एक और एमएलए के इस्तीफा देने की संभावना है। इंडियन एक्सप्रेस ने सूत्रों के हवाले से बताया कि कर्टोरिम से कांग्रेस विधायक एलेक्सो रेजिनाल्डो लौरेंको आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल हो सकते हैं।

आम आदमी पार्टी (AAP) गोवा में लगभग एक साल से आक्रामक रूप से प्रचार कर रही है। वहीं, TMC गोवा की चुनावी राजनीति में हाल ही में शामिल हुई है। ममता बनर्जी की पार्टी पश्चिम बंगाल से बाहर विस्तार की कोशिश कर रही है।

इंडियन एक्सप्रेस के मुताबकि, लॉरेन्को के आप में संभावित कदम के बारे में पूछे जाने पर, एआईसीसी गोवा डेस्क प्रभारी दिनेश गुंडू राव ने कहा: “यह महज अफवाह है। लोग भ्रम पैदा करना चाहते हैं। मुझे नहीं लगता कि मुझे इन अफवाहों का जवाब देना चाहिए।" फलेरियो के बाहर कांग्रेस छोड़ने के कुछ दिन पहले भी पार्टी ने उनके इस्तीफे की बात को खारिज कर दिया था और इसे अफवाह करार दिया था।

अपने निर्वाचन क्षेत्र में किए गए कार्यों के बारे में एक सोशल मीडिया पोस्ट में, लौरेंको ने 30 सितंबर को लिखा: “हमारा काम जारी है, कोई राजनीति नहीं है, न ही मेरी पार्टी के मामलों से दरकिनार किया जा रहा है। हमारे लोग और हमारा कर्तव्य पहले है। हमारे साथ ऊपर वाले का आशीर्वाद पूरी तरह से है। हम सही समय पर सही निर्णय लेंगे क्योंकि कुछ गंदे नेताओं ने हमारी प्रगति को नष्ट कर दिया।''

 आप के राज्य संयोजक राहुल म्हाम्ब्रे ने कहा कि लौरेंको के साथ कोई औपचारिक चर्चा नहीं हुई थी। उन्होंने कहा, “हम अन्य दलों के समान विचारधारा वाले लोगों के साथ चर्चा कर रहे हैं। इसी तरह उनसे (लौरेंको) भी इस तरह की चर्चा हुई होगी। इस पर कोई औपचारिक निर्णय नहीं हुआ है।”

सूत्रों ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जो आप के राष्ट्रीय संयोजक हैं, के सोमवार को गोवा पहुंचने की संभावना है। इस बीच, भारत के पूर्व फुटबॉलर डेन्ज़िल फ्रेंको और गोवा बॉक्सिंग एसोसिएशन के उपाध्यक्ष लेनी डी गामा शनिवार को टीएमसी में शामिल हो गए। इस अवसर पर तृणमूल विधायक और बंगाल के मंत्री मनोज तिवारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *