डेंगू नियंत्रण के लिये अधिकारी तथा जन-प्रतिनिधि समन्वित प्रयास करें – कृषि मंत्री पटेल

भोपाल
डेंगू पर नियंत्रण के प्रदेश व्यापी अभियान "डेंगू से जंग, जनता के संग'' का शुभारंभ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से किया। हरदा में किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने अभियान का वर्चुअली शुभारंभ किया। मंत्री पटेल ने कहा कि डेंगू नियंत्रण के लिये जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों को समन्वित प्रयास करना होंगे।

अभियान के अंतर्गत हर शहर और ग्राम में लार्वा नष्ट करने का कार्य किया जा रहा है। इसमें घरों के कूलर, वाटर टैंक और आसपास गड्ढों में जमा पानी का निस्तारण करने का स्वच्छता अभियान चलेगा। जिला अस्पताल हरदा में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम द्वारा “डेंगू पर प्रहार” अभियान का शुभारंभ करते हुए कृषि मंत्री कमल पटेल ने वर्चुअली सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से निपटने के लिये अधिकारी, कर्मचारी तथा जन-प्रतिनिधि मिलकर प्रयास करें। सभी पार्षद और पंचायत पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में लोगों को मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के उपायों की जानकारी दें।

कृषि मंत्री पटेल ने कहा शहरी क्षेत्र में डेंगू और मलेरिया नियंत्रण के उद्देश्य से नियमित फॉगिंग करें। उन्होंने निर्देश दिये कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में अनावश्यक जल-जमाव के दोषी लोगों पर अर्थदण्ड लगाने की कार्यवाही करें। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि अमर सिंह मीणा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधीर जैसानी और सिविल सर्जन डॉ. शिरीष रघुवंशी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *