लसिथ मलिंगा ने लिया टी-20 क्रिकेट से संन्यास

नई दिल्ली
श्रीलंका के महान गेंदबाजों में से एक लसिथ मलिंगा ने मंगलवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। डेढ़ दशक से अधिक समय तक बल्लेबाजों के बीच अपनी सटीक यॉर्कर से दहशत पैदा करने वाले मलिंगा ने अपनी कप्तानी में टीम को पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप चैम्पियन बनाया था। श्रीलंका के लिए सभी फॉर्मेट में मिलाकर 546 विकेट चटकाने वाले मलिंगा ने 2011 में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था और इसके बाद उन्होंने इंटरनेशनल वनडे मैचों से भी संन्यास ले लिया, लेकिन टी-20 इंटरनेशनल मुकाबलों में खेलना जारी रखा। मलिंगा के संन्यास लेने के बाद भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने उन्हें ट्वीट कर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। बुमराह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'एक शानदार करियर के लिए बधाई, माली और भविष्य की हर चीज के लिए शुभकामनाएं। आपके साथ खेलना सुखद रहा।' मलिंगा को हाल ही में अगले महीने से शुरू होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप के लिए श्रीलंका की टीम में जगह नहीं दी गई थी। पिछले साल मलिंगा ने टी-20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका की अगुआई करने की इच्छा जताई थी, जिसका आयोजन अक्तूबर-नवंबर 2020 में ऑस्ट्रेलिया में होना था, लेकिन कोविड-19 के कारण टूर्नामेंट स्थगित हो गया और अब टी-20 वर्ल्ड कप अगले महीने होगा।

मलिंगा ने 84 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 107 विकेट, 226 वनडे इंटरनेशनल मैचों में 338 विकेट और 30 टेस्ट मैचों में 101 विकेट चटकाए। वे टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में विकेटों का शतक पूरा करने वाले पहले गेंदबाज हैं। मुंबई इंडियन्स द्वारा रिलीज किए जाने के बाद मलिंगा ने इस साल जनवरी में फ्रेंचाइजी क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था। टी-20 क्रिकेट के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में से एक मलिंगा आईपीएल, बिग बैश लीग, कैरेबियाई प्रीमियर लीग और अन्य फ्रेंचाइजी टूर्नामेंटों में अपनी टीम के अहम सदस्य रहे। मुंबई इंडियन्स के साथ 12 साल के अपने सफर के दौरान मलिंगा पांच में से टीम की चार खिताबी जीत का हिस्सा रहे। उन्होंने 2020 में निजी कारणों से टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया क्योंकि उनके पिता बीमार थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *