स्पेनिश लीग ला लीगा का खिताब एटलेटिको मैड्रिड के नाम

वलाडोलिड
 एटलेटिको मैड्रिड ने  वलाडोलिड 2-1 से हराकर स्पेनिश लीग ला लीगा का खिताब जीत लिया। लुइस सुआरेज ने एटलेटिको मैड्रिड के लिए निर्णायक गोल किया, जिसकी मदद से टीम को जीत मिली। इस खिताब को जीतने के लिए एटलेटिको और रीयल मैड्रिड के बीच जंग थी। रीयल को यह खिताब जीतने के लिए जीत चाहिए थी और वह इसमें कामयाब भी रहा जब उसने विलारीयल को 2-1 से हरा दिया, लेकिन इसके साथ ही उसे एटलेटिको मैड्रिड की हार की भी जरूरत थी। हालांकि, ऐसा हो नहीं सका और एटलेटिको मैड्रिड को खिताबी जीत मिली।

इसके साथ ही अंक तालिका में एटलेटिको 86 अंकों के साथ शीर्ष पर जबकि रीयल दो कम अंकों के साथ दूसरे नंबर पर रहा। ऑस्कर प्लानो के 18वें मिनट में किए गए गोल की मदद से वलाडोलिड मैच में 1-0 से आगे हो गया और पहला हाफ अपने नाम कर लिया। दूसरे हाफ में मैनेजर डिएगो सिमोन की टीम एटलेटिको ने शानदार वापसी की। एटलेटिको के एंजेल कोरिया ने 57वें मिनट में गोल करके स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। फिर बार्सिलोना के पूर्व स्ट्राइकर सुआरेज ने 67वें मिनट में गोल दागकर एटलेटिको को 2-1 से महत्वपूर्ण बढ़त दिलाई जो अंत तक टीम ने कायम रखी।

वहीं, दिन के अन्य मुकाबले में बार्सिलोना ने एंटोनी ग्रीजमैन के 81वें मिनट में किए गोल की मदद से एइबर को 1-0 से हराकर इस सत्र का अंत जीत के साथ किया। इस मैच में बार्सिलोना के सुपरस्टार स्ट्राइकर लियोन मेसी को आराम दिया गया था। बार्सिलोना तालिका में 79 अंकों के साथ तीसरे जबकि सेविया 74 अंक लेकर चौथे नंबर पर है। 11वीं बार एटलेटिको मैड्रिड की टीम ने ला लीगा की खिताब ट्रॉफी जीती है और 2013-14 के बाद टीम ने पहली बार यह खिताब अपने नाम किया। खिताब जीतने के लिए एटलेटिको मैड्रिड ने लंबा समय लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *