आज राधा अष्टमी पर चरणों का दर्शन और जुगलजोड़ी सरकार को लगेगा 56 भोग
रायपुर
भाद्रपद शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि मंगलवार को राधा अष्टमी के रूप में मनाई जाएगी। टाटीबंध स्थित राधा रास बिहारी, (इस्कान) मंदिर में राधा रानी के चरणों का दर्शन किया जा सकेगा। इसके अलावा जवाहर नगर के राधा कृष्ण मंदिर में जुगलजोड़ी सरकार को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। मनमोहक श्रृंगार दर्शन एवं महाआरती की जाएगी। इस साल कोरोना नियमों के चलते महाभंडारा का आयोजन नहीं किया जा रहा है। जवाहर नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर में राधा अष्टमी पर श्रृंगार दर्शन सुबह शाम किया जा सकेगा।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित मलैया महाराज ने बताया कि आयोजन का शंखनाद सुबह 9 बजे वैदिक मंत्रोच्चार द्वारा महाप्रभु जुगल-जोड़ी सरकार का अभिषेक कर किया जाएगा। मधुर भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी और तत्पश्चात सुबह 10.30 बजे महाआरती होगी। जोड़ी सरकार को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। शाम 6 बजे से महाप्रभु जुगल-जोड़ी सरकार जु का भव्य श्रृंगार दर्शन होगा। समता कॉलोनी स्थित राधा कृष्ण मंदिर के सत्येंद्र अग्रवाल ने बताया कि सुबह जुगलजोड़ी सरकार का अभिषेक किया जाएगा। शाम को श्रृंगार दर्शन, महाआरती की जाएगी।
