सरकारी योजनाओं और बूथ मजबूती के सहारे चुनावी रणनीति, आज सतना के रैगांव में सीएम शिवराज करेंगे शंखनाद

भोपाल
केंद्र और राज्य सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं और बूथ स्तर मजबूती के आधार पर भाजपा ने मुख्यमंत्री के चेहरे को साथ लेकर मध्य प्रदेश में उपचुनाव के लिए रणनीति तैयार की है । इसी सिलसिले में कल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सतना जिले के रैगांव में व्यस्त रहेंगे ।

दीपावली  के बाद प्रदेश में खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा उपचुनाव की संभावना के मद्देनजर भाजपा ने इन क्षेत्रों में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दौरे की प्लानिंग तेज कर दी है। इस बीच पार्टी द्वारा जिन संगठन पदाधिकारियों और मंत्रियों को विधानसभा वार जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे उन क्षेत्रों में पहुंचकर दो से अधिक दौर की बैठकें कर चुके हैं। सीएम शिवराज का ताजा दौरा 12 सितंबर को सतना जिले के रैगांव विधानसभा क्षेत्र में संभावित है। यहां वे ग्रामीण इलाकों में जनदर्शन के लिए निकलेंगे।इस बीच में ना सिर्फ पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ले सकते हैं बल्कि कुछ निर्माण कार्यों के भूमि पूजन और प्रस्तावित विकास योजनाओं का शिलान्यास भी कर सकते हैं।

पार्टी इसी तरह की रणनीति को पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभा उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भी अंजाम देने की कार्य योजना तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री चौहन के प्रवास को लेकर  पार्टी नेताओं और सुरक्षा कारणों के मद्देनजर प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां शुूरू कर दी हैं। अब तक सीएम के दौरे को लेकर जो प्लानिंग सामने आई है, उसके मुताबिक वे सतना पहुंचने के बाद रैगांव विधानसभा के शिवराजपुर गांव तक हेलिकाप्टर से जाएंगे।

विकास योजनाओ पर फोकस
बता दें कि पार्टी पहले ही मध्य प्रदेश में होने जा रहे उपचुनाव के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का चेहरा सामने रखकर चुनाव मैदान में उतरने का निर्णय ले चुकी है ।साथ ही अपने मजबूत मैदानी संगठन के भरोसे अब तक कांग्रेस का गढ़ रही जोबट और पृथ्वीपुर चुनाव में भी पूरी ताकत झोंकने का मन बना चुकी है।भाजपा उपचुनाव के लिए छोटे तबके के उन परिवारों पर ज्यादा फोकस कर रही है जिन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, फ्री राशन के अलावा अलग-अलग कैटेगरी में दी जाने वाली छात्रवृत्ति, रोजगार और अन्य योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। ऐसे हितग्राहियों से पार्टी के कार्यकर्ता सीधा संवाद कर भाजपा सरकार की खूबियां गिना रहे हैं।पार्टी चाहती है कि केंद्र और राज्य सरकार की हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभान्वित व्यक्तियों को आसपास के ऐसे अन्य मतदाताओं के सामने लाकर लाभ से वंचित लोगों को पार्टी से सीधे जोड़ा जा सके।

खंडवा में कई दौरे
सीएम चौहान अब तक खंडवा में पूर्व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान के निधन के बाद रिक्त हुई लोकसभा सीट पर पिछले छह माह में तीन -चार दौरे कर चुके हैं। अब चूंकि कोरोना की  तीसरी लहर की संभावना न होने पर त्यौहारों के बाद चुनाव आयोग कभी भी प्रदेश में चार उपचुनावों के लिए ऐलान कर सकता है, इसलिए पार्टी ने जिला अध्यक्षों को पृथ्वीपुर और जोबट विधानसभा सीट पर भी सीएम के दौरे की प्लानिंग के निर्देश दिए हैं।साथ ही इन क्षेत्रों में बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं और अनुषांगिक संगठनों को नियमित रूप से काम करने को कहा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *