जिले में राष्ट्रीय कृमिमुक्ति कार्यक्रम का आयोजन 13 से 23 सितम्बर तक किया जायेगा – सीएमएचओ

मुरैना
राष्ट्रीय परिवार कल्याण कार्यक्रम के तहत मुरैना जिले में राष्ट्रीय कृमिमुक्ति कार्यक्रम का आयोजन 13 से 23 सितम्बर तक किया जायेगा।               
    
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एडी शर्मा ने बताया कि भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश में राष्ट्रीय क्रमिमुक्ति दिवस का आयोजन वर्ष में एक बार किया जाता है, जिसमें समस्त विद्यालयों, आंगनवाड़ी केन्द्रों के माध्यम से 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों, किशोरों को एल्बेंडाजोल 400 एम.जी. गोली का सेवन कराया जाता है। डॉ. शर्मा ने बताया कि स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर 1 से 19 वर्ष तक के समस्त हितग्राहियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जायेगी, ताकि मिट्टी जनित क्रमि संक्रमण की रोकथाम सुनिश्चित हो सके। आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आशा सुपरवाइजर एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा अपनी निगरानी में विभिन्न हितग्राही वर्गो को एल्बेंडाजोल की गोली का सेवन कराया जायेगा।      
    
उन्होंने बताया कि 1 से 2 वर्ष के बच्चों को एल्बेंडाजोल की 400 मि.ग्रा. की आधी गोली का चूरा चम्मच से पीने के पानी या मां के दूध के साथ, 2 से 3 वर्ष के बच्चों को 400 मि.ग्रा. की पूरी गोली पीने के साफ पानी से खिलाई जायेगी। राष्ट्रीय कृमिमुक्ति कार्यक्रम के तहत गृह भ्रमण, विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केन्द्र भ्रमण के दौरान मैदानी कार्यकर्ताओं द्वारा कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन किया जायेगा। एल्बेंडाजोल की गोली मास्क पहनकर, हाथों को साबुन-पानी एवं सेनेटाइजर से साफ करने के उपरांत ही खिलाई जायेगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *