मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने इस्तीफा दिया, नया CM चुनने की कवायद शुरू, आज शाम अहमदाबाद जाएंगे Amit Shah
अहमदाबाद
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने इस्तीफा दे दिया है। माना जा रहा है कि सरकार और संगठन के बीच चल ही खींचतान के कारण विजय रुपाणी ने इस्तीफा दिया है। खुद विजय रुपाणी ने इसका ऐलान किया और कहा कि वे पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद दिया और कहा, 'भाजपा में समय के साथ जिम्मेदारियां बदलती हैं। प्रधानमंत्री का धन्यवाद जिन्होंने मुझे पांच साल गुजरात की जनता की सेवा करने का मौका दिया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित भाई शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने मुझे समय-समय पर मार्गदर्शन दिया।'
मोदी के चेहरे पर लड़ा जाएगा विधानसभा चुनाव
संगठन के टकराव की खबरों पर उन्होंने कहा, 'पार्टी ने मुझे जिम्मेदारी दी थी। मैंने उसे पूरी तरह निभाने का प्रयास किया। कोरोना काल में भी गुजरात सरकार ने केंद्र के साथ मिलकर अच्छा काम किया। भाजपा में यह स्वाभाविक प्रक्रिया है। अब केंद्रीय नेतृत्व को नए चेहरे को सामने लाने का मौका मिलेगा और मैं गुजरात की जनता के लिए काम करता रहूंगा।' गुजरात में 2022 का चुनाव किसके चेहरे पर लड़ा जाएगा, इसके जवाब में रुपाणी ने कहा कि गुजरात में नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही चुनाव लड़ा जाता रहा है और 2022 में भी ऐसा ही होगा।
सीएम विजय रुपाणी (Vijay Rupani) के अपने पद से इस्तीफा देने के बाद राज्य में हलचल तेज हो गई है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देर शाम अहमदाबाद पहुंचने वाले हैं. माना जा रहा है कि रविवार को बीजेपी विधायक दल की बैठक हो सकती है.
मांडविया और नितिन पटेल गांधीनगर पहुंचे
केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया और राज्य के डिप्टी सीएम नितिन पटेल गांधी नगर में पार्टी के कार्यालय पर पहुंचे हैं. कई दूसरे नेताओं के भी पार्टी कार्यालय में आने की चर्चा है. माना जा रहा है कि पार्टी नेता बैठक करके राज्य में नए सीएम के चयन के मुद्दे पर चर्चा करेंगे.
विजय रुपाणी ने शनिवार को दिया इस्तीफा
बताते चलें कि गुजरात (Gujarat) के सीएम विजय रुपाणी (Vijay Rupani) शनिवार को राज्यपाल भवन पहुंचे और गवर्नर को अपना इस्तीफा सौंप दिया. इस्तीफे के बाद उन्होंने प्रेस वार्ता करके सारी बातें स्पष्ट की. रुपाणी ने कहा कि संगठन और विचारधारा आधारित दल होने के नाते बीजेपी में समय के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के दायित्व बदलते रहते हैं.
उन्होंने कहा कि अब पार्टी उन्हें जो भी दायित्व देगी, उसका वे पूरी ऊर्जा के साथ निर्वहन करेंगे. रुपाणी (Vijay Rupani) ने कहा, 'हमारी सरकार ने पारदर्शिता, विकासशीलता और संवेदनशीलता के साथ कार्य किया है. कोरोना के समय में हमारी सरकार ने जनता की यथासंभव मदद करने का प्रयास किया है.'
बीजेपी ने रविवार को बुलाई विधायक दल की बैठक
उनके इस्तीफे के बाद बीजेपी ने रविवार को पार्टी विधायक दल की बैठक बुलाई है. इस बैठक में नए सीएम के नाम का ऐलान हो सकता है. चर्चाओं के मुताबिक इस रेस में डिप्टी सीएम नितिन पटेल, पुरुषोत्तम रुपाला, सी आर पटेल और मनसुख मांडविया के नाम आगे चल रहे हैं. इसके अलावा कोई नया नाम भी अचानक सामने आ सकता है.
विपक्षी MLA जिग्नेश मेवाणी ने ली चुटकी
बीजेपी में अचानक हुई इस हलचल पर विपक्षी MLA जिग्नेश मेवाणी ने चुटकी ली है. मेवाणी ने ट्वीट करके कहा, 'गुजरात (Gujarat) के सीएम विजय रुपाणी (Vijay Rupani) राज्य में कोरोना महामारी को कंट्रोल करने में फेल रहे थे. इसलिए प्रदेश की जनता को अब उनके इस्तीफे की सराहना करनी चाहिए. उनका इस्तीफा अगले साल राज्य में होने जा रहे चुनावों के गुणा-भाग को ध्यान में रखकर लिया गया है.'
