योगी सरकार का दावा, यूपी में कोरोना का कोई नया व‍ेरिएंट नहीं 

 लखनऊ 
प्रदेश में संक्रमण के नए मामलों के बारे में प्रदेश सरकार ने अपना रूख साफ कर दिया है। राज्य सरकार ने कहा है कि यूपी के जिन जनपदों में मामले सामने आए हैं उनकी पड़ताल से पता चला है कि यह कोरोना का कोई नया व‍ेरिएंट नहीं है। यह सभी जलजनित बीमारियां हैं। बदलते मौसम से इनका प्रकोप बढ़ रहा है। प्रदेश में डेंगू, चिकनगुनिया और काला अजार के नियंत्रण में होने का भी दावा किया गया है। इस बात की गवाही स्‍वास्थ्य विभाग की ओर से गुरूवार को जारी किए गए आंकड़े दे रहे हैं। इस रिर्पोट के अनुसार उत्‍तर प्रदेश के 58 जिलों से अब तक डेंगू के 1374 मरीजों की पुष्टि हुई है। वहीं पिछले 24 घंटों में 129 मामले सामने आए हैं।

बदलते मौसम के चलते प्रदेश में संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए प्रदेश सरकार ने चिकित्‍सीय सुविधाओं और साफ-सफाई को लेकर पहले ही अलर्ट जारी किया था। सीएम योगी ने गुरुवार को एक बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वे डेंगू और जलजनित बीमारियों के मामलों को देखते हुए चिकित्सा सुविधाओं और साफ-सफाई का ध्यान रखें। प्रदेश में बुखार व संक्रमण के अन्य लक्षणों के मरीजों की पहचान प्राथमिकता पर की जाए। विशेषज्ञ टीम के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इन बीमारियों की रोकथाम के लिए टीमों द्वारा दवाइयां तेजी से वितरित की जाएं। इसके साथ ही चिकित्‍सीय सुविधाओं जैसे बेड, दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें।

चिकनगुनिया के महज 24 केस की पुष्टि

रिर्पोट के अनुसार प्रदेश में चिकनगुनिया के 24 मरीजों की पुष्टि हुई। जबकि काला अजार के 37 मरीजों की पुष्टि की गई है। प्रदेश में डेंगू के मरीजों की पुष्टि होने पर 03 दिनों के अंदर रोकथाम की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही डेंगू रोगियों के घर व आस-पास के 50 घरों में पाइरिथ्रम का छिड़काव कराया जा रहा है। सफाई को लेकर भी अभियान चलाया जा रहा है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *