गंज थाना में टीआई के सामने युवक ने खाया जहर, हालत स्थिर
रायपुर
रविवार को पुरानी बस्ती थाने में धर्मांतरण के मामले में शिकायत दर्ज करने आए पादरी की टीआई के सामने पिटाई करने का मामला थमा नहीं था कि अब गंज थाना में टीआई के सामने शिकायत दर्ज करने आए युवक ने जहर खा लिया। आनन-फानन में युवक देवेंद्र नारायण को डा. भीमराव आंबेडकर अस्पताल में भर्ती किया गया है जहां उसकी हालत अभी स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक कबीर नगर के रहने वाले देवेंद्र नारायण वर्मा ने गंज थाना प्रभारी के सामने ही जहर का सेवन कर लिया। दरअसल शिकायत लेकर पहुंचे देवेंद्र ने आरोप लगाया कि गोकूल साहू द्वारा मकान बनवाने के बाद कई माह से मजदूरी नहीं दी जा रही है, इसकी शिकायत देवेंद्र ने थाने में की थी। वह मजदूरी नहीं मिलने से काफी परेशान था। इसी समस्या से निजात पाने के लिए वह थाने पहुंचा था, जहां थाना प्रभारी दोनों पक्षों को सुन रहे थे कि इस बीच देवेंद्र ने जहर खा लिया। आनन-फानन में देवेंद्र को डा. भीमराव आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अब स्थिर है।
