अशांति फैलाने में सफल नहीं होगी कांग्रेस : CM शिवराज
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कांग्रेस की कोशिश है कि कैसे देश प्रदेश में अशांति, अराजकता और असंतोष फैले, लेकिन कांग्रेस के यह प्रयास सफल नहीं होंगे। कांग्रेस के मंसूबों पर जनता पानी फेरेगी। केंद्र और प्रदेश सरकार इसको लेकर सतर्क है। प्रदेश की पुलिस को हर तरह की गतिविधियों की निगरानी करनी है और शांति के टापू मध्यप्रदेश में अशांति फैलाने की कोशिश को नाकाम करना है। सीएम चौहान ने यह बात प्रदेश की कानून व्यवस्था की समीक्षा से पहले कही।
प्रदेश में कानून व्यवस्था की समीक्षा से पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मीडिया को जारी एक बयान में केंद्र और राज्य सरकार के किसान हितैषी होने का दावा किया। उनहोंने कहा गेहूं, चना, मसूर और अन्य फसलों पर समर्थन मूल्य बढ़ाए जाने के केंद्र सरकार के फैसले पर गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान हितैषी हैं। वे किसानों के हित में फैसले ले रहे हैं। समर्थन मूल्य में वृद्धि किए जाने से किसानों की आय बढ़ेगी। गेहूं पर 40 रुपए, जौ में 35 रुपए, चने में 130 रुपए, मसूर और सरसों में अलग अलग चार सौ रुपए और कुसुम में 114 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काम है आग लगाओ, अराजकता फैलाओ, अशांति का वातावरण बनाओ लेकिन यह कामयाब नहीं होगा। केंद्रीय कृषि मंत्री लगातार किसानों से संवाद की अपील कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी भी किसानों से संवाद करते हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म-दिन पर प्रदेश में 17 सितंबर से 7 अक्टूबर की अवधि में विभिन्न कार्यक्रम होंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इन कार्यक्रमों की तैयारी की समीक्षा की। पीएम मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 20 वर्ष की पूर्णता पर प्रदेश में ये कार्यक्रम होंगे। राज्य सरकार ने तय किया है कि प्रधानमंत्री के 71वें जन्म-दिन पर समारोह 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगा। मोदी ने पहली बार 17 सितंबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की थी। उनके जन्म-दिन पर पौधरोपण और वैक्सीनेशन महाअभियान का संचालन होगा। प्रदेश में स्वास्थ्य, महिला-बाल विकास, पर्यावरण, किसान-कल्याण, ऊर्जा, शिक्षा, नगरीय प्रशासन, औद्योगिक विकास, ग्रामीण विकास, जल जीवन मिशन और प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां भी इस अवधि में संचालित की जाएंगी।
