संगठन गढ़े चलो: छोटी-छोटी बातों पर अमल कर तैयार हुई BJP

राजगढ़
भाजपा के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने कहा है कि संगठन का निर्माण ऐसे ही नहीं हो जाता, इसके लिए हर छोटी, छोटी बात को महत्व देना होता है और उस पर सार्थक अमल करना होता है। इसके बाद संगठन गढ़ने का काम होता जाता है और हमें आने वाले दिनों में संगठन को गढ़ने का काम करना है। आप लोगों को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह सामान्य जिम्मेदारी नहीं है, उसके लिए संगठन गढ़ने वाले हमारे वरिष्ठ नेताओं के कामों और उनके विचारों को अमल में लाना होगा। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इस बैठक के समापन सत्र में शामिल होने के लिए राजगढ़ पहुंचेंगे।

राजगढ़ में संस्कृति भवन में संगठन गढ़े चलो की थीम पर प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक का शुभारंभ बुधवार को हुआ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने इस दौरान संगठन पदाधिकारियों से कहा कि जिस तरह से पार्टी के पितृपुरुष कुशाभाऊ ठाकरे ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए काम किया, वह हमारे लिए आदर्श है। पार्टी द्वारा उनके जन्मशती वर्ष पर साल भर तक संगठनात्मक गतिविधियों को किस तरह से संचालित करने का रोडमैप तैयार किया गया है, इसकी जानकारी भी उन्होंने पदाधिकारियों को दी। प्रदेश अध्यक्ष ने फिर चेताया कि जिन्हें पदाधिकारी बनाया गया है उन्हें सिर्फ पद पाकर ही नहीं रहना है बल्कि पद हासिल करने के बाद अपनी क्षमता से संगठन को मजबूत बनाने का भी काम करना है। संगठन को बूथ तक मजबूत बनाने के लिए पदाधिकारियों के प्रवास पर भी जोर देना होगा।

मंगलवार को राजगढ़ पहुंचने से पहले प्रदेश प्रभारी इंदौर, शाजापुर और देवास भी गए। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया और राजनीतिक गतिविधियों की जानकारी ली। राजगढ़ में कल रात में पार्टी नेताओं से मुलाकात के बाद प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की मौजूदगी में राव ने मंडलों के बूथ अध्यक्षों के साथ आज सुबह संवाद किया।

संगठन पदाधिकारियों की इस बैठक में उद्घाटन सत्र में मंच पर सिर्फ दो कुर्सियां लगाई गई थीं। यहां प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष बैठे। वहीं प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत और प्रदेश सह संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा सभाकक्ष में मध्य और अंतिम पंक्तियों में बैठे। इस मौके पर पदाधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा भी की गई।

साइबर योद्धाओं से कट्टरपंथी इस्लाम का राजनीतिक उदय एवं भारतीय सुरक्षा के लिए चुनौतियाँ विषय पर संवाद प्रदेश प्रभारी पी मुरलीधर राव व प्रदेश अध्यक्ष भाजपा वीडी शर्मा करेंगे। यह कार्यक्रम समन्वय भवन एपेक्स बैंक में होगा। बीजेपी आईटी और सोशल मीडिया सेल के सभी कार्यकर्ता इस बैठक में मौजूद रहेंगे। प्रदेश भाजपा ने इस कार्यक्रम से वर्चुअली प्रदेश के सभी साइबर योद्धाओं को जोड़ने का निर्णय लिया है। इसमें वक्ता स्पष्ट तौर पर कट्टरपंथी इस्लाम की राजनीतिक गतिविधियों पर संवाद करेंगे और उससे देश के समक्ष आने वाली चुनौतियों और उससे बचाव के लिए उठाए जाने वाले कदम पर बात करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *