मोबाइल मेडिकल यूनिट में चर्म रोग व कमजोरी के मरीज अधिक
बिलासपुर
मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत नगर निगम बिलासपुर में चार मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से चिन्हांकित स्लम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत अब तक 36,983 लोगों को निश्शुल्क इलाज मिल चुका है। यह योजना लगातार आठ महीनों से चल रही है। निगम क्षेत्र में अब तक चिकित्सकों की टीम द्वारा मलिन बस्ती के गरीब तपके के लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है।
साथ ही उनकी गंभीर बीमारियों को पता लगाकर खत्म किया गया है। इसमें 2,563 मरीज ऐसे हैं जो लंबे समय से बीमार चल रहे थे। वे अब पूरी तरह से स्वस्थ हो चुके हैं। स्लम क्षेत्रों में मेडिकल सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट जरूरतमंद लोगों के लिए वरदान साबित हो रही है। मोबाइल मेडिकल यूनिट से अब तक कुल 109 कैंप लगाए गए हैं। इसमें 7,161 लोगों का लैब टेस्ट और 33,069 मरीजों को दवा का वितरण किया गया है।
मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट द्बारा स्लम क्षेत्र के निवासियों के स्वास्थ्य की जांच, दवा वितरण एवं स्वास्थ्य परामर्श निश्शुल्क दिया जा रहा है। यूनिट में ओपीडी, प्रयोगशाला जांच के साथ दवा वितरण और लैब में 41 प्रकार के स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि नगर निगम बिलासपुर के 70 वार्डों के स्लम एरिया में यह मेडिकल यूनिट में जा कर लोगों की जांच कर रही है।
इस शिविर से यह बात सामने आई है कि शहर के मलिन स्थानों में लोगों में चर्म रोग के मरीज ज्यादा मिल रहे हैं। इसके अलावा यह बात भी सामने आई है कि इन स्थानों में कमजोरी की शिकायत अधिक है। सही भोजन न होना इसका प्रमुख कारण है।
