बिहार: पुलिस टीम पर हमला, SHO सहित 6 जख्मी, युवक की मौत से भड़के लोग
खगड़िया
खगड़िया जिले के गंगौर थाना क्षेत्र के बेला में मंगलवार को लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया। आक्रोशितों के हमले में थानाध्यक्ष सहित छह जवान घायल हुए हैं। घटना की वजह से इलाका कुछ देर के लिए रणक्षेत्र बना रहा। मौके पर पहुंचे एसडीपीओ सुमित कुमार ने मामले को शांत कराया। लोगों का गुस्सा उस युवक की शव बरामदगी के बाद फूटा, जो सोमवार को पुलिस के डर से नदी में कूद गया था। सोमवार की शाम बेला में पुलिस को देखकर चार लोग भागे। इसी दौरान माड़र के रामविलास नोनियां का पुत्र लक्ष्मण नदी में कूद गया। पुलिस देर शाम घटनास्थल पर नहीं पहुंची। मंगलवार को एसडीआरएफ ने शव को बरामद किया। इसके बाद आक्रोशितों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान एक सिपाही की आक्रोशितों ने पिटाई भी कर दी। एसपी अमितेश कुमार ने बताया आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा।
