दवा के साथ दुआ का सहारा, अस्पताल में भर्ती डेंगू पीड़ित बच्चे को बनाया कान्हा
फिरोजाबाद
फिरोजाबाद में डेंगू बच्चों के लिए कहर बना हुआ है। मंगलवार को भी छह बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई। इससे जिले में मरने वालों की संख्या 94 हो गई है। बच्चों को डेंगू के कहर से बचाने के लिए लोग दवाओं के साथ ही दुआओं में भी लगे हुए हैं। ऐसा ही तस्वीरें यहां के अस्पताल में देखने को मिली। एक परिवार ने बच्चे के बीमार होने पर कान्हा के स्वरूप में ही अस्पताल में भर्ती कराया है। कान्हा के रूप में बच्चा आस्था का केंद्र बना हुआ है। बालक हनुमानगढ़ थाना उत्तर क्षेत्र का है। पांच महीने के ओम पुत्र वीनेश को पांच दिन पहले डेंगू की शिकायत हुई। परिवार उसको एक प्राइवेट अस्पताल में लेकर गया लेकिन प्लेटलेट्स गिरने के बाद परिवार सरकारी अस्पताल लेकर आया। यहां उपचार के बीच परिवार ने कान्हा पर विश्वास जताया और उसको जन्माष्टमी पर पहनाए कान्हा के कपड़ों को पहनाकर उपचार कराना शुरू कराया है। ओम की मां वीनेश कहती है कि 50 हजार प्लेटलेट्स रह गए हैं। अब कान्हा ही मेरे बेटे को ठीक करके घर भेजेंगे। बेड नंबर 18 पर भर्ती ओम आसपास के लोगों के बीच आस्था का केंद्र बना है और उसके जल्द सही होने की हर कोई कामना करता नजर आ रहा है। मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ संगीता अनेजा का कहना है कि चिकित्सक पूरी तरह से ओम के साथ हर बच्चे को ठीक करने में जुटे हैं और परिवार का कान्हा पर अपना विश्वास है। प्लेटलेट्स की जरूरत पर उसे चढ़ाया जा रहा है।
