सबको राशन, सम्मान के साथ यही अन्न उत्सव का लक्ष्य
भोपाल
नगरीय विकास एवं आवास मंत्री और भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह की अध्यक्षता में भोपाल के शिवाजी नगर स्थित उचित मूल्य की दुकान पर आयोजित अन्न महोत्सव में हितग्राहियों को राशन वितरित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर अविनाश लवानिया, जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी श्रीमति ज्योति शाह नरवरिया, अन्य विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे ।
प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कि गरीबों को राशन के साथ सम्मान भी मिले यही प्रधानमंत्री की परिकल्पना है। इस अवधारणा के अनुसार प्रदेश में अन्न महोत्सव का कार्यक्रम किया जा रहा हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर प्रदेश में प्रत्येक माह की 7 तारीख को अन्न उत्सव कार्यक्रम उचित मूल्य की दुकानों पर आयोजित किया जा रहा है। भोपाल जिले में 447 दुकानों पर आज यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिले में 28 श्रेणी के लोगों को राशन उपलब्ध कराया जा रहा है। सितम्बर माह में भोपाल जिले के 3 लाख 6 हजार परिवारों की पात्रता पर्ची बनी है। अन्न महोत्सव में जन प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर सहित सभी अधिकारी सम्मिलित हो रहे हैं और आम जनता की राशन की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।
प्रभारी मंत्री सिंह ने कहा कि गरीबों को थैले में मुफ्त राशन सम्मान के साथ उपलब्ध कराया जा रहा है। किसी भी गरीब और जरूरतमंद को भूखा नहीं रहने दिया जाएगा। इसके लिए अन्न महोत्सव में सभी जरूरतमंद को मुफ्त राशन उपलब्ध कराए जाने के निर्देश राज्य सरकार ने दिए हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी भी 7 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित हुए थे और हितग्राहियों से बात भी की थी। जिसमें भोपाल के 01 लाख 60 हजार परिवारों को थैले में राशन दिया गया था। मंगलवार को संपन्न अन्न महोत्सव में 1 लाख 50 हजार थैले परिवारों को वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने श्रीमती अनुराधा, रामचरण विश्वकर्मा, विनोद सेन, श्रीमति गीता त्रिपाठी और श्रीमती माधुरी मिश्रा आदि के साथ 100 लोगों को थैले में राशन वितरित किया।
