कांग्रेस के सॉफ्ट हिंदुत्व के एजेंडे को बढ़ाने के लिए सेवादल की यूथ बिग्रेड

भोपाल
प्रदेश में कांग्रेस के सॉफ्ट हिंदुत्व के एजेंडे को बढ़ाने के लिए सेवादल की यूथ बिग्रेड को आगे किया जा रहा है। यूथ बिग्रेड अगले महीने प्रदेश की एक धार्मिक नगरी में कैंप लगाने जा रही है। इस कैंप में प्रदेश भर के कम से कम 500 युवाओं को बुलाया जाएगा, जिन्हें इस तरह से ट्रैनिंग दी जाएगी कि वे कांग्रेस के इतिहास के जरिए लोगों को बता सकें कि कांग्रेस हिंदुत्व की ओर हमेशा झुकी रही है। इसलिए ही कैंप के आयोजन के लिए धार्मिक नगरी को चुना गया है।  

सेवादल की यूथ बिग्रेड का देश का यह पहला कैम्प मध्य प्रदेश में लगाया जा रहा है। करीब तीन साल पहले बनी सेवादल यूथ बिग्रेड सतना जिले के मैहर में कैम्प लगाएगी। जिसमें प्रदेशभर के लगभग 500 युवाओं को बुलाया जाएगा। इसमें कांग्रेस के इतिहास और नीति रीतियों को तो बताया ही जाएगा, लेकिन इसका एक एजेंडा यह भी है कि वह सॉफ्ट हिंदुत्व के कांग्रेस के एजेंडे को आगे बढ़ाए। हालांकि अभी इस एजेंडे का खुलासा सेवादल की यूथ बिग्रेड नहीं कर रही है, लेकिन ऐसा बताया जाता है कि मैहर जैसी धार्मिक नगरी को इसलिए ही चुना गया है।

दिग्गज नेता भी होंगे शामिल: अक्टूबर या नवम्बर में यह कैम्प आयोजित होगा। पांच दिन तक चलने वाले इस कैम्प में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी युवा बिग्रेड को संबोधित करने के लिए आएंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *