पन्ना-सतना पुलिस के वायरल वीडियो पर SP ने कहा कोई विवाद नहीं
भोपाल
पन्ना और सतना पुलिस के कथित विवाद को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। दरअसल दोनों जिलों की पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए उत्तर प्रदेश के बदमाशों की एक गैंग को पकड़ा है। इस गैंग को पकड़ने का श्रेय लेने के लिए दोनों पुलिस का कथित विवाद सोशल मीडिया पर बताया जा रहा है। इधर खरगौन जिले में पुलिस अभिरक्षा में एक आदिवासी की मौत पर बबाल मच गया है। लोगों की भीड़ ने बिस्टान थाने को घेर कर पुलिस के खिलाफ जमकर आक्रोश दिखाया।
विवाद की कोई स्थिति नहीं: एसपी पन्ना
उत्तर प्रदेश की बाबरिया गैंग को पकड़ने को लेकर सतना और पन्ना पुलिस को लेकर कथित विवाद के वायरल वीडियो के बाद एसपी पन्ना धर्मराज मीणा ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। पन्ना और सतना पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में इस गैंग को चित्रकूट से पकड़ा है। गैंग को पकड़ने को लेकर पुलिस में कोई विवाद नहीं हुआ। गैंग के चार आरोपियों को पकड़ा गया है, एक आरोपी फरार है। उसकी भी तलाश की जा रही है। अभी चारों आरोपी सतना पुलिस की हिरासत में हैं। वहीं अशोक नगर जिले में एक बच्ची से दुष्कर्म के मामले में कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर आरोपियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि बच्ची ने अपनी मां के साथ जाकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस अभिरक्षा में मौत, तोड़फोड़
इधर खरगौन जिले के बिस्टान थाने की पुलिस चोरी के शक में खैरकुंडी से आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए लेकर आई थी। इसी दौरान एक युवक की इसमें मौत हो गई। इसके बाद आज सुबह इस घटना को लेकर बवाल मच गया। क्षेत्र के लोगों ने थाने का घेराव कर दिया। बताया जाता है कि थाने में तोड़फोड़ भी की गई। इस मामले में कांग्रेस ने पुलिस पर आदिवासी की मौत का आरोप लगाया है। कमलनाथ ने इसकी उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
