यूपी में महिलाएं नहीं अपराधियों के भयभीत होने का समय: सीएम योगी 

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चार माह बाद चुनाव की याद दिलाते हुए प्रदेश महिला मोर्चा की टीम को चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला, मंडल व बूथ स्तर तक मोर्चा कमेटियों का गठन जल्द कर लिया जाए। राज्य सरकार ने साढ़े चार साल के कार्यकाल में महिलाओं सुरक्षा देने के साथ ही सम्मान व स्वावलंबन दिया है। पहले बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं। अब महिलाओं को नहीं अपराधियों के भयभीत होने का समय है। सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति बैठक के समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी यूपी में पहले बहन, बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थी। भाजपा सरकार बनने के बाद महिलाओं के लिए भयमुक्त वातावरण दिया गया। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 

महिलाओं को नेतृत्वकर्ता बना रही है भाजपा
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं के हित में कई योजनाएं बनाईं। राज्य सरकार ने भी इस दिशा में कई काम किए हैं। महिलाओं का जीवन आसान हुआ है। पीएम नरेंद्र मोदी ने सबसे अधिक महिला राज्यपाल बनाएं। देश की वित्तीय व्यवस्था का भार एक महिला निर्मला सीतारमण के कंधे पर दिया है। पूर्व की भाजपा सरकार में विदेश मंत्रालय और लोकसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी महिलाओं को दी गई थी। भाजपा महिलाओं को नेतृत्वकर्ता बना रही है। 

हर थाने में महिला बीट और महिला बूथ दिया
पीएम ने तीन तलाक से तड़प रही महिलाओं को राहत देने के लिए तीन तलाक को समाप्त किया।  महिलाओं की मदद के लिए 1090, 181 के साथ ही आईजीआरएस पोर्टल को सक्रिय किया गया है। राज्य के सभी थानों में महिला बूथ की स्थापना की गई है। थानों में महिला बीट अधिकारी तैनात की गई हैं। इन बूथों पर पीड़ित महिला के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस बूथ पर महिलाएं अपनी बात खुलकर रख सकती हैं। पुलिस भर्ती में 20 फीसदी भर्ती महिलाओं की की गई। आज राज्य में 30 हजार महिला पुलिसकर्मी हैं।

आंगनबाड़ी, आशा के साथ ही अन्य के मानदेय बढ़े
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने आंगनबाड़ी व आशा बहुओं का मानदेय बढ़ाने का फैसला लिया है। बढ़े हुए मानदेय पर जल्द ही एक बड़ा कार्यक्रम किया जाएगा।   उन्होंने आंगनबाड़ी, आशा बहुएं, त्रिस्तरीय पंचायत और नगर निकाय की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को जोड़ने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 52 लाख महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा गया है। पुष्टाहार वितरण के साथ ही अन्य कई कार्य इन समूहों को दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि महिला अग्रसर होती है तो वह परिवार के साथ पूरे गांव का नेतृत्व करती है। जिला पंचायत व ब्लाक प्रमुख चुनाव में अध्यक्ष पद पर क्रमश: 54 व 56 फीसदी महिलाएं चुनी गई हैं। इनके साथ ही प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य को पार्टी से जोड़ने की जरूरत है। नगर निकायों की अध्यक्ष व सदस्य महिला प्रतिनिधियों को भी पार्टी में शामिल करें। महिला मोर्चा का एक बड़ा संगठन प्रदेश में खड़ा करना है। 

विधानसभा चुनाव में महिला मोर्चा की होगी अग्रणी भूमिका: श्रीनिवासन
इससे पूर्व सुबह कार्यसमिति की बैठक के उद्घाटन सत्र का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने किया। श्रीनिवासन ने कहा कि भाजपी का नीतियों में महिला सशक्तिकरण एक बड़ा मुद्दा है। यूपी विधानसभा चुनाव में महिला मोर्चा की अग्रणी भूमिका होगी। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आने वाले 25 वर्षों तक देश व प्रदेश में भाजपा की ही सरकार रहेगी। महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष गीता शाक्य ने कहा कि भाजपा संगठन में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण के साथ बड़े दायित्व दिए गए हैं। भाजपा की हर महिला सदस्य के लिए यह गर्व की बात है। बैठक में महिला मोर्चा के प्रदेश प्रभारी विजय बहादुर पाठक, प्रदेश महामंत्री संगठन (सुनील बंसल), महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री इंदुबाला ने भी विचार व्यक्त किए। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *