शिक्षक दिवस पर सुपर-30 के संस्थापक आनंद कुमार का सम्‍मान, NCTS ने दिया ‘साराभाई मानद पुरस्‍कार’

 पटना 
सुपर-30 के संस्थापक और गणितज्ञ आनंद कुमार को गणित सिखाना आसान बनाने एवं गरीब बच्चों को आईआईटी की प्रवेश परीक्षाओं में सफल बनाने के लिये राष्ट्रीय अध्यापक वैज्ञानिक परिषद (एनसीटीएस) ने ‘साराभाई अध्यापक वैज्ञानिक राष्ट्रीय मानद पुरस्कार 2021’ प्रदान किया है।

एनसीटीएस के अध्यक्ष चंद्रमौली जोशी ने यहां एक बयान में बताया कि रविवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर डिजिटल तरीके से हुए एक कार्यक्रम में बिहार के निवासी कुमार को इस संगठन की आजीवन सदस्यता भी प्रदान की गयी। जोशी के अनुसार कुमार करीब दो दशकों से कमजोर तबकों के बच्चों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में दाखिले से संबंधित प्रवेश परीक्षा ‘जेईई एंडवास्ड’ के लिए कोचिंग दे रहे हैं।

गुजरात के रमन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी फाउंडेशन ने अध्यापकों के बीच वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए एनसीटीएस की स्थापना की, जिसका मुख्यालय दिल्ली में है। कुमार ने पुरस्कार आयोजकों को धन्यवाद दिया व कहा कि समाज के कमजोर तबके पर सबसे बुरा असर डालने वाली कोविड-19 महामारी के आलोक में वह अब प्रौद्योगिकी के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *