ईडी की पूछताछ के बाद यूं भड़के ममता के भतीजे

नई दिल्ली 
तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने कहा है कि 2024 के आम चुनावों में टीएमसी न सिर्फ भाजपा का मुकाबला करेगी, बल्कि उसे शिकस्त भी देगी। अभिषेक बनर्जी से सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली में नौ घंटे तक पूछताछ की। उनके ऊपर कोयला घोटाले में धनशोधन का आरोप है। पूछताछ के बाद अभिषेक बनर्जी भारतीय जनता पार्टी के ऊपर जमकर बरसे। उन्होंने यह भी कहा टीएमसी अन्य पार्टियों की तरह नहीं है जो भाजपा के इस तरह के हमलों से डरकर झुक जाए। हम जान दे देंगे, लेकिन सिर नहीं झुकाएंगे। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि हम हर उस राज्य में जाएंगे, जहां आपने लोकतंत्र की हत्या की है।

लाइन लगाकर टीएमसी में आने को तैयार हैं भाजपा विधायक 
टीएमसी के सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कम से कम 25 भाजपा विधायक हमारी पार्टी में आने के लिए लाइन लगाए हुए हैं। लेकिन टीएमसी ने उन्हें जगह नहीं दी। गौरतलब है कि हाल ही में टीएमसी छोड़कर गए चार विधायक फिर पार्टी में वापस आ गए हैं। यह सभी चुनाव से पहले भाजपा में चले गए थे। अभिषेक बनर्जी ने कहा मैं सुबह 11 बजे ईडी के ऑफिस पहुंच गया था। इसके बाद नौ घंटे तक बिना रुके मुझसे पूछताछ की गई। मैंने उनके साथ पूरा सहयोग किया और उनके सभी सवालों का जवाब दिया। मैंने अपना लिखित स्टेटमेंट भी दिया है। वहां पर क्या बातें हुईं यह कानूनी वजहों से मैं मीडिया को नहीं बता सकता। इससे पहले ईडी ने अभिषेक बनर्जी की पत्नी रुजिरा बनर्जी को इसी मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था। हालांकि रुजिरा ने कोरोना वायरस के चलते दिल्ली में ईडी के समक्ष उपस्थिति में असमर्थतता जताई थी। उन्होंने ईडी से कहा था कि वह उनके कोलकाता स्थित आवास आकर पूछताछ कर सकती है। 

चाहे सीबीआई आए या कोई, हम न झुकेंगे न रुकेंगे
टीएमसी सांसद ने कहा कि चाहे जो कर लें 2024 के चुनाव में टीएमसी भाजपा को कड़ी टक्कर देगी। सिर्फ इतना ही नहीं, वह भाजपा को शिकस्त भी। अभिषेक बनर्जी ने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा कि, चाहे सीबीआई को भेज दीजिए, चाहे ईडी को या फिर इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को। लेकिन टीएमसी न तो झुकेगी और न ही रुकेगी। अभिषेक बनर्जी ने यह भी कहा कि टीएमसी उन सभी राज्यों में जाएगी जहां पर भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है। गौरतलब है कि 27 नवंबर 2020 को सीबीआई की कोलकाता एंटी करप्शन ब्रांच ने अभिषेक के खिलाफ केस दर्ज किया था। यह केस कोयला घोटाले से जुड़ा हुआ है। ईडी इस मामले में दर्ज सीबीआई की एफआईआर के आधार पर पूछताछ कर रही है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *