हाईकोर्ट : वकीलों की दिखाई दी भीड़, बोले इतने दिनों बाद साथियों से मिलकर हुई खुशी

बिलासपुर
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में आज से ऑफलाइन या फिर कहे फिजिकल सुनवाई शुरू हो गई। वकील समेत कोर्ट के सभी दूसरे कर्मचारियों ने हाईकोर्ट में आना शुरू कर दिया। जिसकी वजह से कोर्ट परिसर में चारों तरफ भीड़ नजर आई। इसके साथ ही वकीलों के बीच बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर गहमागहमी भी दिखाई दी।

सोमवार के दिन हाईकोर्ट में वकीलों, उनके मुंशी, कोर्ट परिसर में फोटोकॉपी और वकालत की किताब बेचने वाले छोटे व्यापारी समेत कोर्ट स्टाफ की खूब भीड़ दिखाई दी। वकील एक कोर्ट से दूसरे कोर्ट अपने मामलों की सुनवाई के लिए दौड़ते हुए दिखाई दिए। लंबे समय के बाद एक दूसरे से मिलने पर खुशी उनके चेहरे पर साफ देखी जा सकती थी। लगभग सभी वकील मास्क के साथ ही दिखाई दिए। आज लगभग 63 मामलों पर सुनवाई हो रही है। इनमें दो जनहित याचिकाएं शामिल है। महाधिवक्ता कार्यालय में भी आज हलचल देखने को मिली। एडवोकेट चैंबर में सभी वकील अपने अपने क्लाइंट्स का इंतजार करते दिखाई दिए।

अधिवक्ता अमित बक्शी ने बताया कि लंबे समय के बाद कोर्ट आकर उन्हें बेहद अच्छा लग रहा है। लगभग 1.5 साल बाद वह अपने पुराने वकील साथियों से आज मिल पाए। उन्होंने आगे कहा कि ऑनलाइन सुनवाई में अक्सर नेटवर्क इश्यू का सामना करना पड़ता था। ऐसे में कई बार जज साहब क्या ऑर्डर किया या फिर क्या उन्होंने कहा ये समझने में दिकात होती थी। लेकिन अब फिजिकल कोर्ट में ऐसी कोई बात नही रहेगी। उन्होंने बताया की कोर्ट रूम में अब माइक पर बोल कर जज सुनवाई कर रहे है। इसलिए वकील कोर्ट परिसर में और अच्छे से जज साहब की बात हम सुन पाते है।

एडवोकेट चैंबर के बाहर फाइल और वकालत से जुड़ी किताब बेचने वाले व्यापारी अब्दुल साबिर बताते है की इतने दिनों से हाईकोर्ट बंद रहने की वजह से उनका व्यापार प्रभावित रह रहा था। ऑनलाइन सुनवाई के दौरान वह शहर के दूसरे हिस्से में अपनी दुकान चला रहे थे। लेकिन अब एक बार फिर कोर्ट शुरू होने के वजह से हाई कोर्ट परिसर में ही वापस अपनी दुकान लगा रहे है। उन्होंने बताया क्या अलग-अलग जगह से आने वाले वकील उनसे समान खरीद रहे हैं जिससे उन्हें अच्छी खासी आमदनी हो रही है।

कोर्ट में लगे मामलों के अलावा वकीलों के बीच बार काउंसिल के चुनाव को लेकर भी चर्चाएं जोरों पर दिखाई दी। पिछले दिनों बार काउंसिल के चेयरमैन सी.के केशरवानी को अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। वकील उत्तम पांडे ने चुनाव में गड़बड़ी को लेकर उनकी नियुक्ति को हाई कोर्ट में याचिका दायर कर चैलेंज किया था। जिसे वह जीत गए। अब इस एक बार फिर 27 अक्टूबर को चेयरमैन पद के लिए चुनाव होने है। जिसको लेकर वकील आपस में चर्चा करते दिखाई देते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *