CM शिवराज की नसीहत, कोरोना थर्ड वेव पर सतर्क रहें जनप्रतिनिधि
भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि जनप्रतिनिधि कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए लोगों को लगातार प्रेरित करें और सरकार के जो भी निर्माण कार्य और योजनाएं संचालित हो रही हैं, उसकी मॉनिटरिंग करें। इसमें होने वाली गड़बड़ी से अवगत कराया जाए। प्रदेश में इस साल बारिश कम होने से 17 जिलों में सूखे के हालात हैं, उससे निबटने के लिए भी सरकार तैयारी कर रही है।
जबलपुर प्रवास के दौरान सीएम चौहान ने ये बातें समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों, पार्टी नेताओं के साथ चर्चा में कहीं। सीएम चौहान ने कहा कि हमें कोरोना वैक्सिनेशन सौ फीसदी कराने के लिए लोगों को समझाइश देने का काम जारी रखना है। तीसरी लहर न आने पाए, इसके लिए लोग सतर्क रहें। सरकार अपनी तरफ से सारे उपाय कर रही है। मुख्यमंत्री चौहान आज नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा पहुंचे जहां उन्होंने रावतपुरा सरकार रविशंकर महाराज के चातुर्मास स्थल पर पहुंचकर उनका आशिर्वाद लिया और भगवान की आरती कर प्रदेश के सुख समृद्धि की कामना की। इसके पहले वे कल आचार्य विद्यासागर के दयोदय तीर्थ पहुंचे थे जहां उन्होंने सपत्नीक आचार्य का आशिर्वाद लिया और वहां चलाए जा रहे स्वावलंबन के कामों को देखा।
