टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम भारत पर क्यों पड़ेगी भारी: बाबर आजम 

नई दिल्ली
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने टी-20 वर्ल्ड कप में भारत के साथ मुकाबले को लेकर अपनी राय दी है। बाबर आजम का मानना है कि दुबई में भारत के खिलाफ मुकाबले में पाकिस्तान टीम फायदे में रहेगी। बाबर को भरोसा है कि दुबई में ज्यादा मैच खेलने से पाक टीम को फायदा मिलेगा। 24 अक्टूबर को दोनों टीमें आपस में भिड़ेंगी। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) टूर्नामेंटों में पाकिस्तान को भारत के खिलाफ सीमित सफलता मिली है। टीम को एकमात्र बड़ी सफलता 2017 चैम्पियंस ट्रॉफी के फाइनल में मिली थी। भारत और पाकिस्तान की टीमें  टी-20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरूआत एक-दूसरे के खिलाफ मैच से 24 अक्टूबर को दुबई में करेंगी। पाकिस्तान ने इस मैदान पर 36 टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले  खेले है जिसमें से उसे 21 में जीत मिली है। बाबर ने इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ आगामी टी-20 इंटरनेशनल सीरीज से पहले आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, 'जो टीम अपनी योजनाओं को बेहतर ढंग से मैदान में उतारेगी और ज्यादा मौके का फायदा उठाएगी, उसे ही सफलता मिलेगी।'

उन्होंने कहा, 'मुझे पता है कि मेरी टीम आत्मविश्वास से लबरेज है और 24 अक्टूबर के मैच का इंतजार कर रही है। न्यूजीलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ सात टी-20 मैच हमारे लिए महत्वपूर्ण होंगे क्योंकि हम उनमें से ज्यादातर को जीतना चाहेंगे। हम उस जीत के आत्मविश्वास और लय को दुबई तक ले जाने की कोशिश करेंगे।' हालांकि बाबर ने इस बात को स्वीकार किया कि दुबई स्टेडियम की स्थिति भी भारत से बेहतर पाकिस्तान के अनुरूप होगी । उन्होंने कहा कि यूएई हमारे दूसरे घर की तरह है और हमने वहां कई ट- 20 मैच जीते हैं और वर्ल्ड रैंकिंग की शीर्ष टीम बने। हाँ, इससे एक अतिरिक्त लाभ होगा, मुझे विश्वास है कि यह खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *