एजाज पटेल के स्पिन जाल में फंसे बांग्लादेश के बल्लेबाज, न्यूजीलैंड ने जीता तीसरा टी-20 मुकाबला

नई दिल्ली
पहले दो टी-20 मैचों में हार का सामना करने के बाद टॉम लेथम की कप्तानी वाली कीवी टीम ने टी-20 सीरीज में वापसी की है। तीसरे टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को 52 रन से शिकस्त दी। न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के फिरकी गेंदबाज एजाज पटेल ने अपने टी-20 करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। हालांकि 5 मैचों की टी-20 सीरीज में बांग्लादेश 2-1 से आगे है। इस जीत के साथ कीवी टीम सीरीज में बनी हुई है।  टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट के नुकसान पर 128 रन बनाए। न्यूजीलैंड की तरफ से हेनरी निकल्स 36 रन बनाकर सर्वोच्च स्कोरर रहे। उनके अलावा टॉम ब्लंडेल ने 30, रचिन रवीन्द्र ने 20, विल यंग ने भी 20 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से मोहम्मद सैफुद्दीन सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने 2 विकेट चटकाए। उनके अलावा मेहंदी हसन, मुस्तफिजुर रहमान और कप्तान मुहम्मदुल्लाह को 1-1 सफलता मिली। 

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम एजाज पटेल की फिरकी में फंसी और मात्र 76 रन पर ढेर हो गई। बांग्लादेश की तरफ से मुश्फिकुर रहीम ने सर्वाधिक 20 रन बनाए। बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद नईम और लिटन दास ने क्रमशः 13 और 15 रन बनाए। इनके अलावा बांग्लादेश का कोई भी बल्लेबाज दहाई अंक तक भी नहीं पहुंच सका। कीवी गेंदबाज एजाज पटेल ने अपने 4 ओवरों में 16 रन देकर 4 विकेट झटके। उनके अलावा कोल मैककोन्ची ने 15 रन देकर 3 विकेट निकाले। उनके अलावा रचिन रवीन्द्र, स्कॉट कुग्लाइन और कोलिन डी ग्रैंडहोम को 1-1 सफलता मिली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *