पार्किंग माफिया: पर्ची थमाकर हो रही अवैध पार्किंग वसूली
भोपाल
शहर में एक बार फिर पार्किंग माफिया सक्रिय हो गया है। वसूलीकर्ता वाहन चालकों को लाल-पीली पर्ची थमाकर रोजाना हजारों रूपए अवैध पार्किंग शुल्क वसूल रहे हैं। इसमें न्यू मार्केट, विजय स्तंभ, एमपी नगर सुरेंद्र विलास होटल के सामने और बिट्टन मार्केट में अवैध पार्किंग के नाम पर लोगों को जम कर लूटा जा रहा है।
दो पहिया वाहन के खड़ा करने पर 10 रुपए और चार पाहिया वाहन खड़ा करने पर 40 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। अहम बात यह हैं कि नगर निगम के अफसरों की नाक के नीचे पार्किंग माफिया ने लूटखसौट मचा रखी है। इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। शहर में पार्किंग वसूली के लिए दिल्ली और मुंबई की दो कंपनियों से 3 साल का हाल ही में एग्रीमेंट हुआ है। इस बात की भनक लगते ही पार्किंग माफिया ने शहर के कई इलाकों में अवैध वसूली करना शुरू कर दिया। वहीं निगम के अफसर इस बात से अपने आपको अंजान बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
जी हां शहर में जब भी पार्किंग के नाम पर एग्रीमेंट होता है। उसका संचालन छुटभैया नेता करते हैं। यह पेटी ठेका लेकर अवैध पार्किंग करते हैं। इनकी मनमानी के चलते माइंडटेक कंपनी बीच में एग्रीमेंट निरस्त कर दिया था। कुल मिलकर शहर में पार्किंग माफिया ओर कोई नहीं बल्कि यह छुटभैया नेता है।
एमपी नगर सुरेंद्र विलास होटल के सामने पिछले दो महीन से अवैध पार्किंग वसूली हो रही है। यहां वसूलीकर्ता पीओएस मशीन के बिना पार्किंग शुल्क की वसूली कर रहे हैं। जो लोग यहां वाहन खड़ा करते हैं। उनके पार्किंग शुल्क नहीं देने पर गाली गलौच और झगड़े पर वसूलीकर्ता उतर आते हैं। इसके चलते लोगों को जबरन पार्किंग शुल्क देना पड़ता है। एमपी नगर जोन 1 में करीब 50 करोड़ की लागत से बनाई गई मल्टीलेवल पार्किंग सिर्फ शोपीस बनकर रह गई है। एमपी में आज फिर वहीं हालात बन गए है। जैसे पहले थे। मल्टीलेवल पार्किंग खाली है और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है। इससे निगम को कोई फायदा नहीं हो रहा, लेकिन पार्किंग माफिया जरूर फल-फूल रहा है।
हाल ही में 2.5 करोड़ में 31 और 42 लाख में 3 पार्किंग का करार 3 साल के लिए बीएमसी से हुआ है। 5 मल्टीलेवल व 29 अन्य पार्किंग के संचालन का काम निगम ने दो कंपनियों को दिया है। इसमें दिल्ली की विक्टोरियस के पास 32 पार्किंग है। मुंबई की अख्तर इंटरप्राइजेस के पास एमपी नगर, न्यू मार्केट, बैरागढ़ की मल्टीलेवल पार्किंग है।
