सिंहदेव के बयान ने फिर गरमाया सियासी माहौल,कहा कांग्रेस विधायकों की संख्या बढ़ रही
बिलासपुर
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव मरवाही विधायक के बेटे के निधन पर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात के लिए पहुंचे हुए थे। शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद वापसी से पहले वे विश्राम गृह में चाय के लिए रूके तो मीडिया कर्मी पहुंच गए। संक्षिप्त चर्चा में ही उन्होने बड़ी बात कह दी और एक बार फिर सियासी माहौल गरमा दिया,सिंहदेव ने कहा कि जल्द ही छत्तीसगढ़ में कांग्रेस विधायकों की संख्या बढ?े जा रही है। संकेत उन्होने 70 से 72 होने का दिया लेकिन कौन और किस पार्टी के हैं पूछने पर वे सवाल टाल गए। ढाई-ढाई साल के मुद्दे पर उन्होंने चुप्पी साध ली। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आलाकमान से विस्तृत चर्चा हो चुकी है। दोबारा अब कुछ बोलने का यह विषय नहीं रह गया है।
मंत्री सिंहदेव का हेलिकाप्टर दोपहर डेढ़ बजे मरवाही स्थित हेलीपैड में लैंड किया। उनके साथ बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शैलेष पांडेय उतरे। हेलीपैड पर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया।विश्राम गृह में पत्रकारों से चर्चा के बीच उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में हमारी टीम में दो और विधायक शामिल होंगे।तब हमारी संख्या 70 से बढ़कर 72 हो जाएगी। उन्होंने यह नहीं बताया कि भविष्य में कांग्रेस का दामन थामने वाले दो विधायक किस दल से ताल्लुक रखते हैं। मुस्कराते हुए कहा कि जल्द पता चल जाएगा। किस दल से विधायक हमारे दल में शामिल होंगे। दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर हेलिकाप्टर से अंबिकापुर के लिए रवाना हो गए। यहां बताना जरूरी होगा कि जोगी कांग्रेस के दो विधायक देवव्रत सिंह व प्रमोद शर्मा का कांग्रेस में शामिल होना तय है लेकिन तकनीकी दिक्कत आ रही है। जबकि पिछले दिनों चर्चा चली थी कि जोगी कांग्रेस के चारो विधायक शामिल हो रहे हैं लेकिन पार्टी की ओर से इसका खंडन आ गया था।
मंत्री सिंहदेव के मरवाही प्रवास के दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता,गौरेला ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमोल पाठक,पेंड्रा ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास व मरवाही ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बेचू सिंह अहिरेश, नगर पंचायत पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान सहित पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।
