फिर से डराने लगी गंगा, 24 घंटे से लगातार बढ़ रहा है जलस्तर, आधा दर्जन गांवों में फैला पानी, जमींदोज हुआ स्कूल

 भागलपुर
सीमांचल व पूर्वी बिहार में फिर से नदियां उफनाने लगी हैं। बाढ़ का कहर जारी है। अररिया के आधा दर्जन गांवों में पानी फैलने से मुसीबतें बढ़ती जा रही हैं। वहीं खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड में कोसी नदी में हो रहे तेज कटाव से पांच कमरे का स्कूल शुक्रवार को जमींदोज हो गया। जबकि कोसी क्षेत्र में बहने वाली नदियों का जलस्तर अभी स्थिर है।

भागलपुर व मुंगेर में गंगा अब लोगों को फिर से डराने के स्तर पर पहुंचने की ओर बढ़ चली है। 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में छह सेमी की वृद्धि हुई है। अगर इसी रफ्तार से अगले 24 घंटे में बढ़ी तो शनिवार की शाम पांच बजे भागलपुर में गंगा नदी खतरे के निशान (33.68) मीटर के पार होगी। 

हालांकि केंद्रीय जल आयोग ने शनिवार की शाम पांच बजे तक 33.67 मीटर यानी खतरे के निशान से एक सेमी पहले तक पहुंचने का अनुमान जताया है। केंद्रीय जल आयोग के आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार की शाम पांच बजे तक भागलपुर में गंगा 33.56 मीटर पर बह रही थी। शुक्रवार की सुबह दस बजे गंगा का जलस्तर बढ़कर 33.61 मीटर पर पहुंच गया। लेकिन इसके सात घंटे में गंगा के जलस्तर में दो सेमी की वृद्धि हुई और शाम पांच बजे तक बढ़कर 33.63 मीटर पर पहुंच गयी, जो कि खतरे के निशान से महज पांच सेमी दूर है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *