खेत से निकलीं मुगलकालीन 16 स्वर्ण मोहरें, अरबी-फारसी में लिखा है 29 जुलूस इटावा
औरैया
औरैया में सहायल क्षेत्र के गांव बहादुरपुर छौंक में खुदाई के दौरान सोने की 16 मोहरें व चांदी के दो सिक्के मिले हैं। खेत मालिक ने मुहरें ग्रामीणों को दिखाईं तो सूचना पुलिस तक पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीण से मोहरें अपने कब्जे में लेकर पुरातत्व विभाग को सूचना दी है। खेत पर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है।
काफी ऊंचाई पर बसे बादशाहपुर छौंक गांव के रामबाबू पाल गुरुवार को अपने खेत से मिट्टी उठवा रहे थे। थोड़ी खुदाई पर ही उन्हें पीली धातु के मोटे सिक्के नजर आए। उन्होंने मिट्टी हटायी तो पीली धातु के 16 व सफेद धातु के दो सिक्के मिले। खेत से सोने के सिक्के निकलने की खबर क्षेत्र में फैल गई। लोग खेत पर पहुंच गए।
गुरुवार रात गांव के चौकीदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। शुक्रवार सुबह सहायल पुलिस गांव पहुंच गई और मुहरें अपने कब्जे में ले लीं। पुलिस उपाधीक्षक सदर सुरेंद्रनाथ यादव ने बताया कि प्राचीन सिक्कों में उर्दू व अरबी में कुछ अंकित है। इसकी जानकारी पुरातत्व विभाग और संबंधित मजिस्ट्रेट को दी गई है।
ग्रामीणों से कुछ और लोगों को सिक्के मिलने की जानकारी मिली है, इस पर लोगों से पूछताछ की जा रही है। खेत पर पुलिस तैनात कर दी गई है ताकि सिक्कों को लेकर किसी तरह की अफरातफरी न हो।
