चेतेश्वर पुजारा को सबसे ज्यादा बार आउट करने का कारनामा किया जेम्स एंडरसन ने
नई दिल्ली
इंग्लैंड के अनुभवी तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने भारत के खिलाफ जारी मौजूदा टेस्ट सीरीज में बल्लेबाजों को काफी परेशान किया है। लीड्स में खेले गए तीसरे टेस्ट के दौरान उनकी स्विंग ने भारतीय टीम की कमर तोड़ दी थी, जिससे टीम इंडिया कभी उबर ही नहीं पाई, और उसे हार को सामना करना पड़ा। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच के दौरान, इंग्लैंड के महान गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने अनोखा कारनामा किया है। ओवल टेस्ट मैच के पहले दिन एंडरसन ने चेतेश्वर पुजारा की विकेट लेकर ये कारनामा किया। अब एंडरसन टीम इंडिया की दीवार कहे जाने वाले पुजारा को टेस्ट में सबसे ज्यादा बार अपना शिकार बना चुके हैं। एंडरसन ने पुजारा को सबसे ज्यादा 11 बार पवेलियन भेजा है। इस लिस्ट में दूसरा नंबर ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नेथन लायन का है। उन्होंने पुजारा को 10 बार आउट किया है। तीसरे नंबर पर कंगारू गेंदबाज पैट कमिंस का नंबर आता है, जिन्होंने 7 बार पुजारा को आउट किया है। चौथे नंबर पर भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ज़ॉश हेजलवुड हैं। उन्होंने पुजारा को 6 बार आउट किया है। बता दें कि इंग्लिश तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इसके साथ ही टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में एंडरसन तीसरे नंबर पर हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में 631 विकेट दर्ज हैं।
