विकास दुबे के 34 साथियों की 100 करोड़ से ज्यादा संपत्तियाें का खुलासा, सभी होंगे एक साथ सीज

 कानपुर 
विकास दुबे एनकाउंटर के बाद इस केस से जुड़े 34 आरोपित इस समय जेल में बंद हैं। सभी की सम्पत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। पुलिस को अनुमान है कि इनके पास सौ करोड़ से भी  ज्यादा की संपत्त्ति है। यह पहला मौका होगा जब एक साथ पुलिस 34 आरोपितों की सम्पत्ति सीज करेगी। पूरे प्रदेश में अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई होगी। इस आरोपियों की संपत्ति का डाटा जुटाने के लिए पुलिस अलग-अलग एजेंसियों की मदद ले रही है।

बिकरू में सीओ समेत आठ पुलिस कर्मियों को विकास दुबे और उसके गुर्गों ने मौत के घाट उतार दिया था। इसके बाद पुलिस ने एनकाउंटर में विकास समेत छह को मार गिराया था। महिला और पुरुष आरोपितों को मिलाकर 34 शातिरों को जेल भेजा गया। आरोपितों के खिलाफ पुलिस गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज कर चुकी है।  इस मामले में सिर्फ पुलिस ही नहीं बल्कि ईडी, आईबी समेत कुछ और एजेंसियों ने भी जांच की थी। एक साल तक चली पड़ताल में पता चला कि विकास दुबे के करीबी जय बाजपेई के पास 30 करोड़ से अधिक की संपत्ति है। इसी तरह से विकास के खास जिलेदार के पास भी 10-15 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति निकली थी। विकास की खुद कुछ बेनामी सम्पत्तियों को एजेंसियों ने चिह्नित किया था जिसे 15-20 करोड़ रुपए का बताया जा रहा था। कुछ और गुर्गों की सम्पत्तियों का ब्योरा एजेंसियों ने जुटाया था। पुलिस इनसे भी संपर्क कर डिटेल लेगी। फाइनेंस के मामलों में शामिल तीन विभागों को आरोपितों का नाम, पता, फोन नंबर, आधार और पैन कार्ड भेजा गया है। एजेंसियों ने अगले दस दिनों में खाता उपलब्ध कराने की बात कही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *